10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान मौसमः रूपली नदी ने दिखाया प्रचंड रूप, अगले दो सप्ताह ऐसा रहेगा मानसून

हाड़ौती में गुरुवार को भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। कोटा जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। कोटा में पूरे मानसून की औसत बारिश का कोटा पूरा हो चुका है।
2 min read
Google source verification
rajasthan weather forecast today 05 august 2021

जयपुर। हाड़ौती में गुरुवार को भी झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। कोटा जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। कोटा में पूरे मानसून की औसत बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश से गुरुवार को सांगोद क्षेत्र में बह रही परवन नदी उफान पर रही। बपावर स्थित परवन की पुलिया पर पानी आने से मार्ग बंद हो गया। जिससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया।

झालावाड़ जिले में परवन व छापी नदियों का पानी घुसने से सारोला क्षेत्र में छापीहैड़ा व हथौली गांव टापू बन गए हैं। कई ग्रामीण फंसे हुए हैं। एसडीआरएफ की टीम उन्हें रेस्क्यू कर रही है। कालीसिंध बांध के चार गेट 13 मीटर खोले कर 48960 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। कालीसिंध नदी का पानी पुलिया पर आने से एक दर्जन गांवों का संपर्क कटा हुआ है। खानपुर की रूपली नदी में उफान के चलते चांदखेड़ी जैन मंदिर चारों ओर से पानी से घिर जाने से श्रद्धालु और यात्री मंदिर में फंस गए। मंदिर दोनों और से नदी के पानी से घिरा हुआ है।

मौसम विभाग अगले दो सप्ताह यानी की 6 से 19 अगस्त तक के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके अनुसार अगले दो सप्ताह मानसून कमजोर ही रहेगा। बारिश में कमी आएगी। 6 अगस्त से प्रदेश में बारिश कम होगी। 7-10 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्के से माध्यम बारिश होगी। पश्चिमी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 11 अगस्त से आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां कम होंगी। सप्ताह के दौरान पूर्वी राजस्थान में सामान्य के आस - पास एवं पश्चिमी राजस्थान में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। 20 अगस्त के आसपास राज्य में पुन: बारिश हो सकती है। आगामी 24 घंटों के दौरान कोटा, बूंदी, टोंक, सवाईमाधोपुर, झालावाड़, बारां जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

जयपुर के फागी कस्बे में कानोलाव बांध की पाल टूट गई जिससे कई कॉलोनियों में पानी भर गया और फागी से चकवाड़ा जाने वाला मार्ग भी टूट गया। बांध की पाल टूटने की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम वहां रवाना हुई। बांध की भराव क्षमता 5 फीट है लेकिन इसमें सात फीट पानी आ गया था। जयपुर में मौसम के मिजाज बदले बदले रहे। दिन भर उमस से लोगों को परेशान किए रखा। कई बार बादल आए लेकिन कई जगह बरसे तो कई जगह बिना बरसे चले गए, बीच-बीच में रह-रह कर धूप भी निकलती रही।

खेत पर जाते समय बहा किसान, बालक डूबा
जिले के कैथून क्षेत्र में नहर पार करते समय किसान प्रभूलाल पानी में बह गया। वह खेत पर जाने के लिए नहर पार कर रहा था। वहीं कनवास उपखण्ड क्षेत्र में गरमोड़ी गांव के सत्यप्रकाश (9) पुत्र रामलटूर धाकड़ की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई।

यहां हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में झालावाड़, बारां, टोंक, कोटा और बूंदी जिलों में कहीं-कहीं भारी व अति भारी बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश 154 मिमी अकलेरा, झालावाड़ में दर्ज की गई।