12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Weather: फाल्गुनी मौसम में गुलाबी सर्दी की रंगत, दो संभागों में बारिश का अलर्ट

पारे में बढ़ोतरी से फाल्गुन मास में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है,IMD ने जयपुर और बीकानेर संभाग में तीन दिन बौछारें गिरने का अलर्ट किया जारी

2 min read
Google source verification

जयपुर। प्रदेश में पश्चिमी हवाएं चलने के साथ अब सर्दी के तेवर ढीले हो चले हैं। दिन और रात में पारा औसत से ज्यादा दर्ज होने लगा है जिसके चलते अब सर्दी का दौर सिमटने लगा है। दिन में धूप की तपिश बेचैन कर रही है तो रात में भी अब गुलाबी सर्दी का असर महसूस होने पर लोग गर्म कपड़ों का उपयोग कम करने लगे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में दो संभागों में कहीं कहीं बादलवाही रहने और हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है। ऐसे में पारे की बढ़ती रफ्तार पर आंशिक रोक लगने की उम्मीद है। फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी जिलों में दिन में झुलसाने वाली गर्मी का असर तेज होने लगा है।

औसत से 5 ​डिग्री तक ज्यादा रहा पारा

प्रदेश में राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में रात का तापमान औसत से 5 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया। पारे में हुई बढ़ोतरी के कारण दिन के अलावा अब रात में भी गर्मी का असर महसूस होने लगा है। बीती रात बाड़मेर 19 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। राजधानी जयपुर में भी बीती रात पारा 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दो संभागों में 3 दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज से 19 फरवरी तक जयपुर और बीकानेर संभाग में कहीं कहीं बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। हवा में नमी कम रहने पर दिन और रात में पारा सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है जिसके असर से मौसम में गर्माहट बढ़ने पर सर्दी के तेवर अब नर्म होने लगे हैं।

कहां कितना रात का तापमान
बीती रात अजमेर 14.6, वनस्थली 13.1, अलवर 11.6, पिलानी 14.6, सीकर 17.0, कोटा 16.4, चित्तौड़गढ़ 13.8, डबोक 15.1, धौलपुर 12.9, डूंगरपुरइ 17.4, सिरोही 13.6़, फतेहपुर 14.2,करौली 10.7, दौसा 13.0, प्रतापगढ़ 15.9, माउंटआबू 11.2, जैसलमेर 15.5, जोधपुर 15.4, फलोदी 15.8, बीकानेर 17.2, चूरू 15.2, श्रीगंगानगर 12.0, नागौर 15.7 और जालोर में 16.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।