17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Weather Update : राजस्थान में बदलेगा मौसम ,18 जून से फिर सक्रिय होगा बारिश का दौर

Rajasthan Weather Update : राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहीं, लेकिन मौसम केन्द्र ने पूर्वी राजस्थान में एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

2 min read
Google source verification
rain in udaipur

Rajasthan Weather Update : उदयपुर- देहली गेट-बापू बाजार क्षेत्र में बारिश के बीच गुजरते वाहन। फोटो पत्रिका

Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहीं, लेकिन मौसम केन्द्र ने पूर्वी राजस्थान में एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार बुधवार को जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, कोटा, अजमेर सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चली। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। चूरू में सर्वाधिक 29.6 मिमीबारिश दर्ज हुई।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम केन्द्र के अनुसार 18 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। जयपुर सहित आसपास के जिलों में दोपहर बाद मेघगर्जन, हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं वज्रपात की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

जयपुर में तापमान सामान्य से नीचे

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। बादल छाए रहने और बीच-बीच में हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, हालांकि उमस बनी रही।

दिन का पारा 10 डिग्री बढ़ा, रात का 6 डिग्री कम

प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात के पारे में गिरावट हुई है। पिलानी में दिन का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे में 10 डिग्री तक बढ़ गया। वहीं, चूरू और पिलानी में रात का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिर गया। राज्य में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। सबसे अधिक तापमान धौलपुर और दौसा में 39.3 डिग्री दर्ज किया गया।

प्री-मानसून की पहली बारिश

उदयपुर में बुधवार शाम हुई प्री-मानसून की पहली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। देहली गेट- बापू बाजार क्षेत्र में बारिश के बीच गुजरते वाहन। बारिश के बाद शहर में ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।

बारिश से खेतों की बुवाई ने पकड़ी रफ्तार

चूरू में मानसून से पहले की बारिश ने तृतीया तक एकबारगी मरुधरा को तरबतर कर दिया। कहीं पर अच्छी को कहीं कहीं बारिश हल्की भी रही लेकिन कुल मिलाकर जेठ में खेतों में खरीफ फसल की शुरू होने वाली बुवाई ने अब जोर पकड़ लिया है।