
Rajasthan Year Ender 2023 : साल 2023 का आखिरी महीना अब खत्म होने वाला है। इसके साथ ही नए साल की शुरुआत होगी। हालांकि राजस्थान के लिए कई मायनों में साल 2023 अच्छा नहीं रहा। सरकार और पुलिस अपराधियों के आगे पस्त दिखी, जिससे प्रदेश में गैंगरेप की कई घटनाओं ने सभी को हिला दिया। चाहे वह भीलवाड़ा भट्टी कांड हो, जिसमें मासूम को गैंगरेप के बाद जला दिया गया हो या फिर जोधपुर के जेएनवीयू परिसर में दरिंदगी। इस घटनाओं ने देश में राजस्थान की छवि पर धब्बा लगा। आइए इस खबर में ऐसी ही घटनाओं के बारे में जानते हैं।
भीलवाड़ा भट्टी कांड
भीलवाड़ा जिले की कोटड़ी में 3 अगस्त 2023 को हुई गैंगरेप की एक घटना से सभी की रूह कांप गई थी। दरअसल यहां एक नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप किया गया था। इसके बाद उसके छोटे छोटे टुकड़े करके कोयले की भट्टी में जला दिया गया। उसके कुछ ही अवशेष मिल सके। हालांकि पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार तो कर दिया, लेकिन इस घटना ने प्रदेश को शर्मसार किया। पुलिस की चार्जशीट के अनुसार नाबालिग लड़की के साथ पहले दो आरोपियों कालू और कान्हा ने गैंगरेप किया। इसके बाद लाठी से सिर पर वार कर बेहोश कर दिया। सबूत मिटाने के लिए हैवानों ने नाबालिग को लड़की को कोयले की जलती भट्टी में डाल दिया था।
जोधपुर जेएनवीयू गैंगरेप केस
ब्यावर से नाबालिग प्रेमी संग भागकर जोधपुर पहुंची अनुसूचित जाति की नाबालिग के साथ तीन छात्रों समंदरसिंह, धर्मपाल सिंह और भट्टम सिंह ने जेएनवीयू के पुराना परिसर स्थित हॉकी मैदान में गैंगरेप (Gangrape in JNVU) किया था। मॉर्निंग वॉकर्स के पहुंचने पर तीनों भाग छूटे थे, जिनको पुलिस ने दो घंटे में ही गणेशपुरा की पहाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों के अलावा पुलिस ने प्रेमी युगल के साथ छेड़छाड़ करने वाले पावटा स्थित गेस्ट हाउस के कर्मचारी सुरेश को भी गिरफ्तार किया गया। जेएनवीयू के ओल्ड कैम्पस में हॉकी मैदान पर सामूहिक बलात्कार के बाद न सिर्फ पीड़िता बल्कि उसका साथी भी बेहद घबरा गए थे। वे रो और चिल्ला रहे थे। बता दें कि ये घटना 16 जुलाई 2023 की है।
करौली गैंगरेप
राजस्थान के करौली के नादौती उपखंड में जुलाई महीने में दलित लड़की के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं गईं। लड़की को उसके घर से अगवा किया गया। इसके बाद जंगल ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे गोली मार दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने एसिड डालकर जलाया और फिर शव को कुएं में फेंक दिया। इस घटना के सामने आने के बाद करौली शहर में तनाव फैल गया। उस वक्त सांसद डॉक्टर किरोड़ीलाल मीणा, दीया कुमारी, मनोज राजोरिया और रंजीता कोली के साथ ही राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा धरने पर बैठीं। भाजपा के अलावा बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने भी धरना दिया था।
जयपुरः चलती बस में गैंगरेप
कुछ दिन पहले ही जयपुर-आगरा हाईवे पर चलती बस में एक युवती से गैंग रेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। युवती से बस चालक ने बलात्कार किया, फिर सह चालक बलात्कार कर रहा था तो एक यात्री केबिन का गेट खुलवाकर वहां पहुंचा तो वारदात का पता चला। युवती की चीख सुनकर यात्री ने सह चालक को पकड़ लिया। हल्ला सुनकर अन्य यात्री भी केबिन में पहुंच गए और सह चालक की पिटाई कर दी, तभी चालक बस को सड़क किनारे खड़ी कर भाग गया। पीड़िता ने बताया था कि रास्ते में देर रात तक अलग-अलग जगह केबिन में बैठी सवारी उतर गई। वह अकेली रह गई थी। नजदीक बैठे चालक ने केबिन में ऊपर की तरफ बनी स्लीपर सीट पर सोने के लिए भेज दिया। इसके बाद उससे बलात्कार किया।
नौकरी दिलाने के बहाने 14 दिन तक गैंगरेप
राजस्थान के डीग जिले में नौकरी दिलाने के बहाने बुलाकर 30 वर्षीय विधवा महिला का छह लोगों के 14 दिन तक गैंगरेप किया था। पुलिस एफआईआर के अनुसार महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीने के लिए दे दिया। इसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई। इसके बाद उसे 14 दिन तक होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखा और आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गैंगरेप पीड़िता कामां थाना पहुंच केस दर्ज कराया था। विधवा महिला के दो बच्चे हैं, उसके पति की मौत होने के बाद वो अपने दोनों बच्चों को लेकर अपनी मां के घर में रह रही थी, लेकिन घर में क्लेश के चलते मां के घर आकर भी वह दूसरे कस्बे में किराए के मकान में रह रही थी।
यहां वह मजदूरी करके बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। बताया जा रहा है कि महिला को किराए के ही दूसरे नए कमरे की जरूरत थी और बच्चों के पालन पोषण के लिए काम की जरूरत थी। विधवा महिला ने बताया कि छह लोग काम दिलाने और नया कमरा किराये पर दिलवाने के बहाने उसे बहला फुसला कर ले गए। उसके साथ एक होटल के कमरे में 14 दिनों तक गैंगरेप किया।
Published on:
22 Dec 2023 10:48 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
