
फाइल फोटो- पत्रिका
IMD Aler: जयपुर. मौसम विभाग ने तत्काल चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई है। भरतपुर और अलवर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, अजमेर, दौसा, टोंक, सीकर, झुंझुनूं, टोंक,चूरू,नागौर, जोधपुर,सीकर,झुंझूनुं व बाडमेर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी गरज-चमक और 20-30 किमी प्रति घंटे की हवा चलने की संभावना है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है और आगामी दिनों में इसका असर और ज्यादा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पूर्व राजस्थान से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर पाकिस्तान के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इन सभी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है।
हालांकि 19 और 20 मार्च को इस मौसम प्रणाली का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। इन दो दिनों के दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
20 मार्च को भी बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इसके बाद 21 मार्च को मौसम के शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 22 मार्च को एक बार फिर बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, शाम 5:30 बजे के अवलोकन के अनुसार राज्य में आर्द्रता का स्तर 20 से 65 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर ओलावृष्टि और तेज आंधी के दौरान फसलों व खुले में रखे सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Updated on:
18 Mar 2026 10:09 pm
Published on:
18 Mar 2026 10:05 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
