
जयपुर। राजस्थान रॉयल्स के कोच कुमार संगकारा ने कहा कि आज के दौर में क्रिकेट खिलाड़ियों पर पहले की तुलना में कहीं ज्यादा दबाव है। उन्होंने बताया कि जब वे खुद खेलते थे, तब सोशल मीडिया का प्रभाव इतना नहीं था, लेकिन अब खिलाड़ियों को सिर्फ अपनी फ्रेंचाइजी ही नहीं, बल्कि परिवार, फैंस और देश की अपेक्षाओं पर भी खरा उतरना पड़ता है।जयपुर के एक होटल में आयोजित ‘हेलमेट लॉन्च इवेंट’ के दौरान यह बात कही।। इस कार्यक्रम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, स्पिनर रवि बिश्नोई और तेज गेंदबाज संदीप शर्मा भी मौजूद रहे। यूरोप की स्मार्टफोन कंपनी एचएमडी ग्लोबल ने इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के साथ अपनी साझेदारी को आधिकारिक रूप से पेश किया।
इवेंट के दौरान एक अनोखा लॉन्चिंग मैच भी आयोजित किया गया, जिसमें बैंक्वेट हॉल में ही पिच तैयार की गई। खिलाड़ियों ने यहां बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों का प्रदर्शन किया। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि “अभी तक तो गेंद बाउंड्री तक ही जा रही है,” जब उनसे पूछा गया कि क्या हर गेंद बाउंड्री तक जाएगी।
संगकारा ने टीम की सोच पर बात करते हुए कहा कि राजस्थान रॉयल्स हमेशा से नवाचार और अलग दृष्टिकोण के लिए जानी जाती है। उन्होंने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग 2008 से ही टीम ने क्रिकेट को नए तरीके से देखने की शुरुआत की थी। पिछले कुछ वर्षों में टीम ने एनालिटिक्स और डेटा पर खासा निवेश किया है, जिससे खेल को बेहतर समझने और रणनीति बनाने में मदद मिलती है।
कोच और खिलाड़ी की भूमिका पर बोलते हुए संगकारा ने कहा कि खिलाड़ी के रूप में काम अपेक्षाकृत सरल होता है, लेकिन कोच की जिम्मेदारी कहीं ज्यादा व्यापक होती है। उन्होंने कहा कि कोच का काम खिलाड़ियों पर दबाव डालना नहीं, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना और सहज माहौल देना है। खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी समझ भी टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाती है।
वहीं संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों पर अपनी राय रखते हुए मिचेल स्टार्क को सबसे खतरनाक गेंदबाज बताया। बिश्नोई ने इसके साथ जसप्रीत बुमराह का नाम भी लिया। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी रवि कुमार ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ना उनके लिए “घर वापसी” जैसा अनुभव है और वे इस साझेदारी को आगे भी मजबूत करना चाहते हैं।
Published on:
22 Mar 2026 09:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
