
bjp
जयपुर। केन्द्रीय मंत्री व जयपुर ग्रामीण सांसद rajyavardhan singh Rathore ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में रसातल में जा चुकी है। देश में आज एक भी प्रदेश कांग्रेस के पास नहीं है। राजस्थान में कांग्रेस के बड़े नेताओं की सिर फुटौवल सबके सामने है और हर बड़ा नेता अपने समर्थकों की टिकटों की सूची लेकर घूम रहा है। आने वाले चुनावों में कांग्रेस का घमंड पूरी तरह चूर हो जाएगा। राठौड़ ने यह बात रविवार को आमेर स्थित शिला माता मंदिर में आमेर विधानसभा क्षेत्र के बूथ महाजनसंपर्क अभियान के बाद पत्रिका से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली पार्टी है और इस बार फिर से जीत का परचम लहराएगी। पेश है राठौड़ से बातचीत के मुख्य अंश...
- पिछली बार प्रचंड बहुमत से जीती भाजपा, उपचुनाव में लगातार हारी, अब कैसे जीतेगी?
राज्यवर्धन- भाजपा के कार्यकर्ता उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। यहां कार्यकर्ता व नेता सब एक तरह हैं। यहां कोई परिवारवाद नहीं है। जो काम करते हैं, वे सब आगे बढ़ते हैं। यह ताकत नई उर्जा लेकर आई है। आप उपचुनावों की हार की बात कर रहे हैं तो कुछ नाराजगी रही होगी। अब वह सारी नाराजगी दूर हो चुकी है। भाजपा में नई ऊर्जा का संचार हो चुका है। उसके बड़े नेता से लेकर कार्यकर्ता तक घर-घर जा रहे हैं। उसका जो रेस्पोंस मिल रहा है, वह सबके सामने है।
- महंगाई, भ्रष्टाचार, रफाल और महंगाई जैसे मुद्दों से कैसे पार पाएगी भाजपा?
राज्यवर्धन- रफाल कोई मुद्दा नहीं है, यह कांग्रेस के लिए मुद्दा इसलिए है..क्योंकि उसे पांच साल में भाजपा सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं मिला। कांग्रेस के आरोपों को जनता मानने वाली नहीं है।
- कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित नहीं किया, इससे क्या भाजपा को लाभ मिलेगा?
राज्यवर्धन- जो पार्टी आज पूरे देश में खड़ी नहीं हो पा रही है। जिसके प्रदेश अध्यक्ष यहां आयात करके लाए गए हैं। गहलोत साहब या डूडी साहब में कांग्रेस को खूबी नजर नहीं आई। यह पार्टी अब पूरे देश में खत्म होती जा रही है।
- भाजपा के बूथ महाजनसंपर्क अभियान में किस तरह का रेस्पोंस जनता का मिल रहा है?
राज्यवर्धन- बहुत मजबूत माहौल मुझे राजस्थान में भाजपा के प्रति नजर आ रहा है। जिस तरह यहां के लोग देश की सुरक्षा करते आ रहे हैं, यहां के सैनिक देश की सुरक्षा करते आ रहे हैं। अब राजस्थान के लोगों की जिम्मेदारी है, यहां के मतदाताओं की जिम्मेदारी मिली है। जिस राह पर मोदीजी चल रहे हैं। जिस तरह पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। उससे नया वातावरण बना है।
- कांग्रेस पूरे विश्वास में है कि वह जीतेगी, पीसीसी में काउंटडाउन घड़ी लगा दी गई है?
राज्यवर्धन- कांग्रेस के लिए यह सपना ही रहेगा, जो कभी पूरा नहीं होने वाला। दरअसल, यह घड़ी कांग्रेस के घमंड को दर्शा रही है। जनता 11 दिसंबर को सारी हकीकत इन्हें बता देगी।
- भाजपा में टिकट वितरण को लेकर क्या आप मानते हैं कि सब कुछ ठीक है?
राज्यवर्धन- भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, यहां हर बड़े नेता और कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। इस अधिकार के तहत अनुशासन में रहकर कोई अपनी बात कहता है तो उसमे कुछ गलत नही है।
Updated on:
05 Nov 2018 11:01 am
Published on:
05 Nov 2018 11:01 am
