
देश के कई शहरों में डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। डीजल के साथ ही पेट्रोल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। राजधानी दिल्ली में डीजल के दाम में 14 पैसे की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद दिल्ली में डीजल की कीमत 69.46 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं मुंबई में डीजल 73.74 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 77.91 रुपए प्रति लीटर हो गई है और मुंबई में पेट्रोल 85.33 रुपए/लीटर की दर से मिल रहा है। बात करें जयपुर की तो जयपुर में आज डीजल के भाव 74.02 रुपए/लीटर हैं और पेट्रोल 80.77 रुपए/लीटर के भाव से मिल रहा है। चेन्नई और कोलकाता में भी पेट्रोल, डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो गई है। आपको बता दें, जून के बाद ये कीमतें सबसे ज्यादा हैं। जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के साथ ही रुपए के मूल्य में गिरावट की वजह से भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। कच्चा तेल खरीदने के लिए इस समय ज्यादा रुपए देने पड़ते हैं। आपको बता दें कि इस हफ्ते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। अमरीकी कच्चे तेल और ब्रेंट क्रूड का भाव 5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा है। अमरीकी कच्चे तेल का भाव बढ़कर 68.72 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड का भाव बढ़कर 75.82 डॉलर प्रति बैरल हो गया है। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ घरेलू स्तर पर रुपए में भी भारी गिरावट आई है। डॉलर का भाव 70 रुपए के करीब है। ऐसे में तेल कंपनियों को विदेशों से कच्चे तेल का आयात करने के लिए ज्यादा रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं और वह इसका बोझ पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाकर ग्राहकों पर डाल रही हैं।