20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sports Facilities: रीको की नई पहल, उद्योगों के बीच अब खेल सुविधाएं, 17 औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन चिन्हित

Industrial Areas in Rajasthan: वर्क से वेलनेस तक: रीको औद्योगिक क्षेत्रों में बनेंगे स्पोर्ट्स सेंटर, कामगारों को मिलेगा फिटनेस का अवसर। काम के साथ स्वास्थ्य पर फोकस: औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाओं से बदलेगा माहौल।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Apr 20, 2026

Work Life Balance: जयपुर. राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत उद्यमियों और कामगारों के लिए एक नई और सराहनीय पहल की है। “वर्क से वेलनेस” की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए अब रीको औद्योगिक क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास की योजना लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य कामगारों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना, कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण तैयार करना और उत्पादकता में वृद्धि करना है।

कार्यस्थल के पास खेल और फिटनेस की सुविधाएं मिल सकेंगी

अब तक औद्योगिक क्षेत्रों में कामगारों का अधिकांश समय मशीनों और उत्पादन कार्यों में ही व्यतीत होता था, लेकिन इस नई पहल के तहत उन्हें अपने ही कार्यस्थल के पास खेल और फिटनेस की सुविधाएं मिल सकेंगी। रीको ने राज्य के 17 प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली है, जहां स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर विकसित किए जाएंगे ।

यहां मिलेंगी सुविधाएं

जयपुर के बगरू छितरौली, अपैरल पार्क, सीतापुरा तृतीय चरण और भिवाड़ी द्वितीय सहित कई प्रमुख क्षेत्रों को इस योजना में शामिल किया गया है। इसके अलावा कोटा, सवाई माधोपुर, आबूरोड, नागौर, पाली, किशनगढ़, झुंझुनूं, बीकानेर, बोरानाडा, श्रीगंगानगर, सीकर और अजमेर जैसे शहरों के औद्योगिक क्षेत्रों में भी यह सुविधा विकसित की जाएगी ।

1000 से 3000 वर्गमीटर तक के भूखंड खेल सुविधाओं के लिए निर्धारित

इन क्षेत्रों में लगभग 1000 से 3000 वर्गमीटर तक के भूखंड खेल सुविधाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं । इनका आवंटन रेंटल मॉडल के आधार पर किया जाएगा, जिससे निजी भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, इन केंद्रों में 20 प्रतिशत क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं जैसे रिफ्रेशमेंट, पेयजल और विश्राम कक्ष भी विकसित किए जा सकेंगे ।

शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का मिलेगा अवसर

रीको की इस पहल से औद्योगिक क्षेत्रों में कार्य का माहौल अधिक अनुकूल और उत्साहवर्धक बनने की उम्मीद है । इससे कामगारों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का अवसर मिलेगा, जो उनकी कार्य क्षमता को भी बढ़ाएगा । इसके साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विकास से युवाओं का उद्योगों की ओर आकर्षण भी बढ़ेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे ।