7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रीको का बड़ा फैसला… फैक्ट्रियों के बीच 30,000 वर्गमीटर जमीन पर 17 जगह बनेंगे स्पोर्ट्स हब, हेल्थ और फिटनेस पर भी फोकस

RIICO New Scheme: राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों में पहली बार खेल सुविधाएं भी विकसित होगी। यहां न केवल औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले लोगों को खेल सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोग भी इसका उपयोग कर पाएंगे।

2 min read
Google source verification
फोटो मेटा एआइ

फोटो मेटा एआइ

RIICO New Scheme: राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों में पहली बार खेल सुविधाएं भी विकसित होगी। यहां न केवल औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले लोगों को खेल सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोग भी इसका उपयोग कर पाएंगे। रीको ने प्रदेश के 17 औद्योगिक क्षेत्र में खेल गतिविधियों के लिए पहली बार भू-खंड आरक्षित कर दिए हैं। ऐसे भू-खंडों का क्षेत्रफल करीब 30 हजार वर्गमीटर है।

भू-खंड 15 साल के लिए किराए पर दिए जाएंगे, जिसे डवलप करने की जिम्मेदारी और संचालन की जिम्मेदार भी उसी की होगी। रीको ने भिवाड़ी, जयपुर, कोटा, बीकानेर समेत कई औद्योगिक क्षेत्रों में जगह चिन्हित कर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यहां उद्योगों के साथ फिटनेस और वेलनेस इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी फोकस किया जाएगा। अब तक औद्योेगिक क्षेत्र केवल उद्योग और व्यावसायिक गतिविधियों तक सीमित रहे हैं।

इसलिए लिया गया यह फैसला

औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कर्मचारी और श्रमिक कार्य करते हैं, लेकिन वहां मनोरंजन और खेल सुविधाएं नहीं हैं। कर्मचारियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक तनाव कम करने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों को अधिक आकर्षक बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

क्रमांकऔद्योगिक क्षेत्रभू-खंड क्षेत्रफल (वर्गमीटर)
1अर्बुदा, आबू रोड1725
2पालरा, अजमेर1500
3कारौली, भिवाड़ी2018
4करणी, बीकानेर1459
5बिछवाल, बीकानेर1492
6ईपीआइपी, बोरानाडा1563
7अपैरल पार्क, जयपुर2015
8बगरू छितरोली, जयपुर1637
9सीतापुरा, जयपुर3176
10झुंझुनूं फेज द्वितीय987
11इंद्रप्रस्थान, कोटा2018
12खोड़ा, किशनगढ़2000
13एसजीसी परबतसर (एक्सटेंशन), नागौर2000
14पाली1995
15खेरदा, सवाईमाधोपुर1500
16एसकेएस रींगस (एक्सटेंशन), सीकर1440
17एलएनपी पथिकिया, श्रीगंगानगर1500

7 नए प्लग एंड प्ले सेंटर भी बनेंगे, कंसेप्ट: आओ और शुरू करो उद्योग

उद्योग चलाने की प्रतिभा है, लेकिन बड़ी पूंजी नहीं है। ऐसे लोगों के लिए प्लग एंड प्ले कंसेप्ट का भी दायरा बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में जयपुर के बाद अब 7 नए प्लग एंड प्ले सेंटर विकसित होंगे, जहां सूक्ष्म व लघु उद्योग संचालक तुरंत काम शुरू कर सकेंगे।

बिल्डिंग में मॉड्यूलर व्यवस्था होगी, यानी जरूरत के अनुसार छोटी या बड़ी जगह ली जा सकेगी। यहां मीटिंग, कॉन्फ्रेंस और सम्मेलन कक्ष के साथ कॉमन फैसिलिटी सेंटर भी उपलब्ध होंगे। इसके लिए अजमेर आइटी पार्क, बोरानाडा एग्रो फूड पार्क, कोटा के रानीपुर एग्रो फूड पार्क फेज-1, बीकानेर करणी, किशनगढ़-खोड़ा, उदयपुर के कलडवास आइआइडी सेंटर और जयपुर के सीतापुरा फेज-3 में स्थान चिन्हित किए गए हैं।