15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संयुक्त किसान मोर्चा अब प्रदेश स्तर पर बनाएगा इकाइयां, एक बैनर तले एकजुट होंगे विभिन्न किसान संगठन

संयुक्त किसान मोर्चा करेगा संगठन का विस्तार, प्रदेश स्तरीय इकाइयों के गठन की कवायद, विभिन्न किसान संगठनों को एकजुट करना उद्देश्य, शाहजहांपुर-खेड़ा बॉर्डर पर आज तय हो रहा मोर्चे का 'भविष्य'  

2 min read
Google source verification
Sanyukt Kisan Morcha to form state level units

नकुल देवर्षि/ जयपुर।

केंद्र सरकार के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के बीच अब विभिन्न राज्यों में अलग-अलग चल रहे किसान संगठनों को एकजुट किये जाने की तैयारियां ज़ोर-शोर से चल रही हैं। इसी कवायद में अब संयुक्त किसान मोर्चा सभी राज्यों में अपनी प्रदेश स्तरीय इकाइयों का गठन करने जा रहा है। मकसद है एक ही उद्देश्य के साथ संचालित हो रही विभिन्न किसान संगठनों को एक मंच पर लाना। फिलहाल इस योजना पर संयुक्त किसान मोर्चे के वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन का दौर जारी है।

गौरतलब है कि संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले ही विभिन्न किसान संगठनों ने एकजुट होकर केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ा हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चारों तरफ के एन्ट्री बॉर्डर्स पर किसानों का बेमियादी पड़ाव पिछले 9 महीने से जारी है। आंदोलनरत किसान सरकार से तीनों कृषि कानूनों को वापस लिए जाने और एमएसपी की गारंटी पर सशक्त कानून लागू करने की मांग कर रहे हैं।

'बॉर्डर' पर जुटे किसान प्रतिनिधि
राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर से सटे शाहजहांपुर-खेड़ा बॉर्डर पर आज एक महत्वपूर्ण कन्वेंशन बुलाई गई है। इसमें देशभर के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। इस कन्वेंशन में संयुक्त किसान मोर्चा के 'भविष्य' की कार्य योजना पर मंथन किया जाएगा। मुख्य फोकस संयुक्त किसान मोर्चा के प्रदेश स्तरीय इकाइयों के गठन को लेकर किसी निष्कर्ष में पहुंचना रहेगा। इसके अलावा आगामी दिनों में किसान आंदोलन को और तेज़ करने को लेकर भी रणनीति बनाई जायेगी।



संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान नेता हिम्मत सिंह गुर्जर ने बताया कि विभिन्न किसान संगठन किसानों के मुद्दों को समय-समय पर पुरज़ोर तरीके से उठाते रहे हैं। हालांकि कई दफा इसके अपेक्षानुरूप परिणाम देखने को नहीं मिलते। ऐसे में अब एक ही उद्देश्य से अलग-अलग काम कर रहे किसान संगठनों को एक मंच पर लाने की ज़रुरत महसूस की जा रही है। यही कारण है कि अब संयुक्त किसान मोर्चा विभिन्न राज्यों में अपनी प्रदेश स्तरीय इकाइयों का गठन करने जा रहा है।

राजस्थान में भी जल्द बनेगी प्रदेश स्तरीय इकाई
किसान नेता हिम्मत सिंह गुर्जर ने बताया कि राजस्थान में भी जल्द संयुक्त किसान मोर्चे की प्रदेश स्तरीय इकाई का गठन हो जाएगा। इसे लेकर फिलहाल मंथन का दौर जारी है। प्रदेश इकाई के गठन होने के बाद संभवतया प्रदेश स्तरीय और जिलेवार पदाधिकारियों की नियुक्तियां करके ज़िम्मेदारियाँ तय की जाएंगी।