14 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रांधा पुआ पर घर—घर बने पकवान, लोकपर्व बास्योड़ा पर जीमेंगे ठंडा भोजन

Sheetla Ashtami 2023 : लोकपर्व बास्योड़ा 15 मार्च को मनाया जाएगा। इस दिन शीतला माता की पूजा—अर्चना कर उन्हें ठंडे पकवानों का भोग लगाया जाएगा। इससे एक दिन आज सप्तमी पर महिलाओं ने घर—घर रांधा—पुआ के तहत पकवान बनाए।

2 min read
Google source verification
रांधा पुआ पर घर—घर बने पकवान, लोकपर्व बास्योड़ा पर जीमेंगे ठंडा भोजन

रांधा पुआ पर घर—घर बने पकवान, लोकपर्व बास्योड़ा पर जीमेंगे ठंडा भोजन

जयपुर। चैत्र कृष्ण अष्टमी पर 15 मार्च को लोकपर्व बास्योड़ा मनाया जाएगा। इस दिन शीतला माता की पूजा—अर्चना कर उन्हें ठंडे पकवानों का भोग लगाया जाएगा, वहीं घर—घर ठंडे पकवान ही खाए जाएंगे। इससे एक दिन आज सप्तमी पर महिलाओं ने घर—घर रांधा—पुआ के तहत पकवान बनाए। माता को भोग लगाने के लिए घरों में पुआ-पुड़ी, पकौड़ी, दही, राबड़ी सहित विभिन्न पकवान बनाए।

चैत्र कृष्ण अष्टमी आज रात को शुरू होने से 15 मार्च को लोकपर्व बास्योड़ा मनाया जाएगा। इस दिन सुबह शीतला माता को ठंडे पकवानों का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद घर—घर ठंडे पकवान ही खाए जाएंगे। बास्योड़ा पर शीलता माता को ठंडा भाेजन अर्पित कर चेचक आदि बीमारियों से परिवार को बचाने की प्रार्थना की जाएगी। शीतला माता की पूजा-अर्चना करने के साथ महिलाएं व्रत भी रखेंगी। महिलाएं तडक़े गीत गाते हुए पत्थवारी पूजेगी और शीतला माता के मंदिरों में भीगे हुए मूंग, मोठ, चने, पुआ-पकौड़ी, दही, राबड़ी सहित विभिन्न ठंडे पकवानों का भोग लगाएंगी। नवविवाहिताएं विशेष तौर पर कंडवारा लेकर मंदिर जाएगी।

बाजार में देर शाम तक हुई खरीदारी
शीतला अष्टमी को लेकर मंगलवार को बाजारों में दिनभर खरीददारी होती रही। महिलाओं ने मिट्टी के बर्तन और अन्य पूजन सामग्री खरीदी।

ठंडा खाने के पीछे धार्मिक और वैज्ञानिक तथ्य
ज्योतिषाचार्य पं. चन्द्रमोहन दाधीच ने बताया कि शीतलाष्टमी को ठंडा भोजन खाने के पीछे धार्मिक और वैज्ञानिक तथ्य है। शीतल व ठंडे व्यंजनों ने मां शीतला प्रसन्न होती है और श्रद्धालुओं को निरोग होने का वरदान देती है। शीतला अष्टमी पर ठंडा खाना खाने की परंपरा है। यह समय शीत ऋतु के जाने का और ग्रीष्म ऋतु के आने का समय है। इस दौरान मौसमी बीमारियां होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। शीतला अष्टमी पर ठंडा खाना खाने से मौसमी बीमारियों से लड़ने की शक्ति बढ़ती है। इस दिन महिलाएं शीतला माता की पूजा—अर्चना कर परिवार और बच्चों की सलामती व घर में सुख, शांति के लिए प्रार्थना करेंगी।

इस समय करें माता की पूजा
ज्योतिषाचार्य पं. सुरेश शास्त्री ने बताया कि शीतला अष्टमी इस बार 15 मार्च को मनाई जाएगी। इस दिन सुबह 6.40 बजे से 9.40 बजे तक लाभ व अमृत के चौघडिया रहेगा। ऐसे में इस बीच शीतला माता की पूजा—अर्चना करना सुख—समृद्धिदायक होगा।

यह भी पढ़े : ये कैसी पाबंदी, बाजार से घर तक खुलेआम पॉलीथिन का उपयोग

शील की डूंगरी मेला
चाकसू स्थित शील की डूंगरी स्थित शीतला माता के मंदिर में परंपरागत मेला शुरू हुआ। मंदिर श्री शीतला माता ट्रस्ट के महामंत्री लक्ष्मण प्रजापति ने बताया कि 14-15 मार्च को दो दिन मेला भरेगा। जयपुर एवं आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालु मेले में आ रहे है। पहले दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार पहुंच शीश नवाया। लोगों ने घर में सुख—शांति और बीमारियों से बचाने के लिए माता से प्रार्थना की। शीतलाष्टमी को घरों में चूल्हे नहीं जलेंगे।


बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग