
सावधान, तनाव में हैं राजधानी में तैनात पुलिसकर्मी, कभी मुख्यालय में तो कभी पुलिस लाइन में ही कर रहे हैं फायर
जयपुर। हाल ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा, फिर पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में लंबी ड्यूटी के चलते पुलिसकर्मियों को आराम का समय नहीं मिला। इसके अतिरिक्त आए दिन होने वाले प्रदर्शन, रैलियां, धार्मिक यात्राओं के चलते राजधानी में तैनात पुलिसकर्मी काफी थके हुए और तनावग्रस्त हो रहे हैं। इस तनाव के चलते 13 जुलाई को पुलिस मुख्यालय में कमांडों से एके 47 की सफाई करते समय गोली चल गई थी। वहीं मंगलवार दोपहर चांदपोल पुलिस लाइन में एक सिपाही से एसएलआर से फायर हो गया। जयपुर में एक के बाद एक कर लापरवाही से पुलिस की बंदूक से गोली चलने की दूसरी घटना हो गई है। सूत्रों की माने तो तनाव के चलते भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं। गनीमत यह रही कि दोनों ही घटनाओं में गोली किसी को नहीं लगी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हथियार लेते समय हुआ हादसा
सूत्रों के अनुसार चांदपोल पुलिस लाइन से जब सिपाही अपने हथियार लेकर उन्हें चैक कर रहे थे। इसी दौरान फायर हुआ। अचानक गोली चलने पर पुलिसकर्मियों में हड़कम्प मच गया। गनीमत रही कि बंदूक की गोली आसमान की तरफ मुंह होने से उधर निकल गई। सूत्रों ने बताया कि लाइन में गोली चलने की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिपाही सत्यनारायण को सस्पेंड कर दिया।
फिर घटना दबाने का प्रयास
लाइन में तैनात पुलिस अधिकारी मामले को दबाने के प्रयास में जुटे थे। लेकिन मामला हैड क्वार्टर अधिकारियों तक पहुंचा तो गोली चलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि पुलिस ने जिस सिपाही से गोली चली, उसका नाम उजागर नहीं किया है। डीसीपी हैड क्वार्टर ने मामले की जांच पुलिस लाइन के आरआई जमनलाल मीणा को सौंपी है। उधर, मामले की जांच कर रहे जमनलाल मीणा ने ऐसी कोई घटना होने से इनकार कर दिया।
जांच की जा रही है
उधर मामले में डीसीपी हैडक्वार्टर गौरव श्रीवास्तव का कहना है कि सिपाही से गलती से फायर होने का मामला सामने आया है, उसे सस्पेंड कर जांच की जा रही है।
Published on:
17 Jul 2018 09:01 pm
