
दवा वितरण काउंटर पर भीड़ (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में बढ़ते मरीजों के दबाव और मौसमी बीमारियों के मामलों में वृद्धि को देखते हुए अब शाम के समय भी ओपीडी सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह नई व्यवस्था पहले चरण में जनरल मेडिसिन विभाग से लागू की जाएगी, जिसके तहत मरीज शाम 5 बजे से 7 बजे तक डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे।
इस निर्णय का ऐलान तब हुआ जब स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को SMS अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखी गई, जिसके बाद उन्होंने ओपीडी समय बढ़ाने के निर्देश दिए। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि गर्मियों में बढ़ने वाली बीमारियों के कारण मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे दिन की ओपीडी पर अत्यधिक दबाव बन गया है।
इसी दौरान दवा वितरण काउंटरों पर भी भारी भीड़ देखी गई। काउंटर नंबर 10 और 11 पर मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। कई लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत आने वाली कुछ जरूरी दवाइयों की आपूर्ति समय पर नहीं हो रही, जिसके कारण उन्हें बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
इस स्थिति पर प्रमुख शासन सचिव ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से चर्चा की। जानकारी में सामने आया कि कुछ आवश्यक दवाइयों की सप्लाई समय पर नहीं पहुंच रही है, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हालांकि इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की गई, लेकिन दवा काउंटरों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश जरूर दिए गए।
अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि इवनिंग ओपीडी पहले भी चलाई जा चुकी है और इसे दोबारा शुरू करने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल भीड़ कम होगी बल्कि इलाज के लिए प्रतीक्षा समय भी घटेगा।
निरीक्षण के दौरान ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर पर भी अतिरिक्त स्टाफ लगाने, मरीजों के लिए पेयजल, पंखे और कूलर की व्यवस्था सुधारने तथा जनरल वार्डों में बेहतर कूलिंग सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का कहना है कि इन सुधारों से अस्पताल की सेवाओं में काफी सुधार आएगा और मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
Updated on:
07 May 2026 03:58 pm
Published on:
07 May 2026 03:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
