14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोगाराम पटेल का पलटवार, कहा : कांग्रेस की गुटबाजी को हवा देने का काम करते हैं अशोक गहलोत

Rajasthan Assembly: जोगाराम पटेल ने कहा कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एक वर्ष में हुए अनेक ऐतिहासिक कामों को पचा नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं की भूमिका हमेशा से नकारात्मक रही है।

2 min read
Google source verification
Ashok Gehlot Jogaram Patel

राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सुर्खियों में रहने के लिए नकारात्मक बातें करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह विधानसभा आए पर सदन में नहीं आए, बस मीडिया के सामने ही रहे। पटेल ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि गहलोत मीडिया में सुर्खियों में रहने के लिए नकारात्मक एवं अनावश्यक बात करते हैं और मुद्दों पर बात नहीं करते।

'विधानसभा आए पर सदन में नहीं आए'

उन्होंने कहा कि वह विधानसभा आए पर सदन में नहीं आए, बस मीडिया के सामने ही उपस्थित रहे। उन्हें विधानसभा में आकर मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उनको सरदारपुरा की जनता ने मौका दिया पर वह सदन के अंदर तक नहीं आए। वह सिर्फ कांग्रेस की गुटबाजी को हवा देने का काम करते हैं।

पायलट का नाम लेकर घेरा

पटेल ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री और सरकार, कांग्रेस के रहमो-करम पर नहीं बनी है कि गहलोत उसे मौका देंगे। सचिन पायलट को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनने दिया, उनको मौका क्यों नहीं दिया। पायलट को मौका देने की बजाय रगड़ाई की बात क्यों की गई। मौका देने की बजाय होटलों में कैंपिंग क्यों की। परसराम मदेरणा और सीपी जोशी को मौका क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि गहलोत नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को मौका क्यों नहीं दे रहे बोलने का। गहलोत जब विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे थे, सचिन पायलट भी साथ थे, तब उन्होंने पायलट से हाथ मिलाकर उन्हें गले मिलने का मौका क्यों नहीं दिया।

यह वीडियो भी देखें

कांग्रेस नेताओं की भूमिका नकारात्मक

पटेल ने कहा कि गहलोत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एक वर्ष में हुए अनेक ऐतिहासिक कामों को पचा नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं की भूमिका हमेशा से नकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बार टीकाराम जूली को नेता प्रतिपक्ष बनाया पर अशोक गहलोत उन्हें सदन में बोलने तक का मौका नहीं देते। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान जूली का नंबर आया तो उन्हें बोलने नहीं दिया गया, लेकिन हमने उन्हें विभिन्न विषयों पर सदन में बोलने का मौका दिया, इसका काउंटर करने आज अशोक गहलोत विधानसभा आए।

'शानदार काम कर रही सरकार'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा में विघ्न डालने का काम कर रही है। जनता के समय का बायकाट कर रही है। यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार शानदार काम कर रही है। राजस्थान के बजट की क्रियान्विति, युवाओं को रोजगार देने जैसे काम मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में हो रहा है। विधानसभा सही चले, जनता के मुद्दों की चर्चा हो, सरकार यही चाहती है। पटेल ने आग्रह किया कि गहलोत को सदन में आना चाहिए और सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेना चाहिए, राजस्थान की आठ करोड़ जनता से जुड़े विषयों पर चर्चा करनी चाहिए।

गहलोत ने किया था विधानसभा का दौरा

गौरतलब है कि राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज गुरुवार को विधानसभा का दौरा किया और मीडिया से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि नई सरकार बनने के बाद गवर्नेंस कमजोर हुआ है और कई महत्वपूर्ण काम रुके हुए हैं। गहलोत ने कहा कि डोटासरा को टारगेट बनाकर बहस करवाई गई, जिससे साफ होता है कि सरकार में अनुभव और मार्गदर्शन की कमी है। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।

यह भी पढ़ें- अचानक अलवर UIT कार्यालय पहुंचे किरोड़ी लाल मीणा, कहा : मंदिर की जमीन पर कब्जा करना कुकर्म करने जैसा