
आए दिन प्रदेश में कहीं न कहीं नकली किन्नर पकड़े जा रहे
जयपुर
आम तौर पर किन्नरों को देखकर मन में दयाभाव रखने वाले सावधान रहें। प्रदेश में इन दिनों नकली किन्नरों की टोली घूम रही है। आए दिन प्रदेश में कहीं न कहीं नकली किन्नर पकड़े जा रहे हैं। ये लोग न सिर्फ लोगों से नेग के नाम पर उगाही करते हैं, बल्कि खुश न होने पर अभद्रता तक पर उतारू हो जाते हैं। एेसा ही एक मामला भीलवाड़ा में सामने आया है। शहर में नकली किन्नर बनकर लोगों से पैसा वसूल रहा एक युवक असली किन्नरों के हत्थे चढ़ गया। जिसकी उन्होंने जमकर धुनाई की और बाद में पुलिस को सौंप दिया। प्रतापनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाजार में कर रहा था अवैध वसूली
जानकारी के अनुसार दोपहर में एक युवक नकली किन्नर का वेश धारण कर बाजार से अवैध रूप से पैसा वसूल कर रहा था। जिसे असली किन्नरों ने देख दिया। देखते ही देखते वहां असली किन्नर एकत्रित हो गए व युवक को पकड़ लिया। उसके बाद बाजार में नकली किन्नर बने युवक की जमकर धुनाई की। किन्नरों ने उसके कपड़े उतरवा दिए। उसके बाद युवक को प्रतापनगर थाना पुलिस को सौंपा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उदयपुर में भी हो गया था हंगामा
इससे पहले उदयपुर जिले में असली और नकली किन्नरों के बीच हंगामा हो चुका है। इस लड़ाई में एक किन्नर ने दूसरे किन्नर को बुरी तरह से डंडे से पीट दिया था। मामला बापू बाजार इलाके का था। लड़ाई इस हद तक पहुंच गई कि बाजार में एक किन्नर ने दूसरे के कपड़े तक उतार दिए थे। लोगों ने इसका वीडियो मोबाइल पर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
भीनमाल रेलवे स्टेशन पर पिट गया था नकली किन्नर
कुछ दिनों पहले जालोर के भीनमाल रेलवे स्टेशन पर नकली किन्नर की असली किन्नों ने जबरदस्त धुनाई कर दी थी। दरअसल, भीनमाल स्टेशन पर एक नकली किन्नर को असली किन्नरों ने पकड़ लिया और धुनाई कर दी थी। किन्नरों को पता चला था कि नकली किन्नर ट्रेन में लोगों से पैसे ले रहा है।
Published on:
20 Aug 2018 02:08 pm
