
पत्रिका फाइल फोटो
Medical Hostel Tragedy: जयपुर में सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज के न्यू आरडी हॉस्टल में एमबीबीएस फाइनल ईयर के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज घटना से सुबह हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की शिनाख्त अलवर निवासी नितिन यादव के रूप में हुई है। छात्र हॉस्टल से बाहर किराए के मकान में रह रहा था और देर रात अपने साथियों से मिले हॉस्टल पहुंचा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मृतक के परिजनों को इत्तला दी है।
सूचना मिलते ही सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ दीपक माहेश्वरी समेत कॉलेज प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होने बताया कि नितिन यादव हॉस्टल के बाहर किराए के मकान में रह रहा था। देर रात वह न्यू आरडी हॉस्टल पहुंचा और वहां आठवीं मंजिल पर जाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस हॉस्टल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही है।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी का कहना है कि छात्र नितिन यादव पढ़ाई में काफी तेज था और उम्मीद नहीं की जा रही की वह ऐसा कदम उठा सकता है। छात्र का इसी वर्ष एमबीबीएस कोर्स भी पूरा होने वाला था। कॉलेज प्रशासन और हॉस्टल में रह रहे अन्य डॉक्टर इस घटना से स्तब्ध हैं। कॉलेज के अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. जितेंद्र सिंह शेखावत और डॉ. मोनिका जैन समेत प्रशासनिक अधिकारी हॉस्टल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अब मामले में छात्र के साथियों और परिजनों से पूछताछ करेगी, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह का खुलासा हो सके।
दूसरी तरफ सूचना मिलने पर मृतक के परिजन जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
न्यू आरडी हॉस्टल की आठवीं मंजिल पर छात्र नितिन यादव ने देर रात खुदकुशी कर ली। घटना ने हॉस्टल में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। हॉस्टल परिसर में देर रात तक बाहरी लोगों की आसानी से हो रही आवाजाही हॉस्टल में रह रहे छात्रों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
Updated on:
11 May 2026 11:30 am
Published on:
09 May 2026 12:11 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
