5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

परीक्षा खत्म, विवि को अब याद आए सुरक्षा इंतजाम

आरयू में परीक्षाओं में सुरक्षा को लेकर सिर्फ कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, ऐसे कॉलेजों में परीक्षा केंद्र बनेेे,जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं।

2 min read
Google source verification
rajasthan university

जयपुर और दौसा के सभी परीक्षा केंद्रों पर लगने थे सीसीटीवी कैमरे
जयपुर

राजस्थान विश्वविद्यालय की ओर से यूजी की परीक्षाएं शुरू होने के साथ ही जयपुर और दौसा के सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश जारी किए थे। विश्वविद्यालय ने आननफानन में यह आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन इसकी पालना करवाना भूल गया और ऐसे महाविद्यालयों में परीक्षा केंद्र स्थापित कर दिए, जहां पर सीसीटीवी नहीं लगे हुए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करना अनिवार्य

दरअसल, विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों को निर्देश जारी किए गए थे कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करना अनिवार्य हैं। जिसका भुगतान परीक्षा केंद्र बनाए गए महाविद्यालयों को अपने स्वयं के फंड से करना था। लेकिन इन महाविद्यालयों ने ना तो सीसीटीवी कैमरे लगवाए और ना ही गार्ड को इंतजाम किया। वह भी ऐसे में जब विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्रों को लेकर पहले ही मापदंड तय कर दिए हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से बनाए गए सदस्यों की कमेटी भी परीक्षा केंद्रों की जांच कर आई।

आदेशों की धज्जियां उड़ा दी

कई परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी नहीं लगे होने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें परीक्षा केंद्र बनाने की अनुमति दे दी और स्वयं के सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनिवार्यता के आदेशों की धज्जियां उड़ा दी। परीक्षा नियंत्रक वी.के. गुप्ता का कहना है कि जहां पेपर खोले गए हैं, वहीं पर वीडियोग्राफी अनिवार्य थी।


अब मांग रहे प्रमाण पत्र
परीक्षा के बीच में विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग को फिर से अपने आदेशों की याद आ गई। वह भी जब तब यूजी की परीक्षाएं पूरी होने को हैं और पीजी की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। सहायक कुलसचिव शैक्षणिक सैकंड ने अब फिर आदेश जारी कर कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए परीक्षा केंद्रों के प्राचार्यों से सुरक्षा को लेकर प्रमाण पत्र मांगा है। महाविद्यालय में महिला व पुरुष सुरक्षा गार्ड व कक्षाओं और महाविद्यालय परिसर में कैमरे की जल्द से जल्द व्यवस्था कर उसका प्रमाण पत्र भिजवाने के लिए कहा है।


कम कॉलेजों का तर्क
परीक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जहां सीसीटीवी नहीं लगे हुए हैं, वहां भी परीक्षा केंद्र बनाकर परीक्षा करवाना हमारी मजबूरी है, क्योंकि महाविद्यालयों की कमी है और परीक्षार्थी अधिक हैं।