
नारेहड़ा ञ्च पत्रिका. नारेहड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार देर रात चोर ने घुसकर ऑक्सीजन पाइप लाइन काटकर चोरी का प्रयास किया। परिसर में तैनात गार्ड की आहट होने पर चोर काटे गए पाइप को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात चोर सीएचसी परिसर में घुस गया और अस्पताल में लगी ऑक्सीजन पाइप लाइन को काटना शुरू कर दिया। पाइप काटने के बाद उसने उन्हें एकत्रित कर खिड़की से बाहर डाल दिया और चोरी कर ले जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान परिसर में तैनात गार्ड को कुछ आहट सुनाई दी। गार्ड के अंदर पहुंचने पर चोर नजर आया। भनक लगते ही वह काटे गए पाइप मौके पर छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना सीएचसी प्रशासन ने सरूंड पुलिस को दी। सीएचसी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि चोरी के प्रयास की जानकारी पुलिस थाने में दे दी गई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Updated on:
01 Sept 2026 02:15 pm
Published on:
29 Aug 2026 06:00 am
