
कोटपूतली-बहरोड़. परिवहन और सडक़ सुरक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के तहत आमजन को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कई रचनात्मक और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। जिला परिवहन अधिकारी सुनील कुमार सैनी ने बताया कि नुक्कड़़ नाटक, समूह गोष्ठियों और पौधरोपण जैसे अन्य रचनात्मक माध्यमों से वाहन चालकों को सडक़ सुरक्षा नियमों के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है।
सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जा रहे हैं और सडक़ों पर घूमने वाले मवेशियों पर काऊ बेल्ट लगाने का कार्य भी किया जा रहा है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
राष्ट्रीय राजमार्गों पर ओवरस्पीड, नशे में ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और वाहन चलाते हुए मोबाइल के उपयोग जैसे खतरनाक कार्यों पर विशेष उडऩदस्तों द्वारा निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
बिना रिफ्लेक्टर टेप, स्पीड गवर्नर, पीयूसी, बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र और मानक नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सख्ती बरती जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के पंजीयन प्रमाण-पत्र, फिटनेस प्रमाण-पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष प्रयास
जिला परिवहन अधिकारी सुनील कुमार सैनी ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर बैनर और पोस्टर के माध्यम से यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विभाग का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाना और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करना है।
Updated on:
25 Jan 2025, 2:27 PM IST
Published on:
25 Jan 2025, 2:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.