7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, मामा और भांजे की मौत

जयपुर-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग 248-ए स्थित सुरपुरा मोड़ पर रोड़वेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार मामा-भांजा की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया।

2 min read
Google source verification
road accident in sahapura

शाहपुरा। जयपुर-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग 248-ए स्थित सुरपुरा मोड़ पर रोड़वेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार मामा-भांजा की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे विराटनगर प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश कर मामला शांत करवाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो पाया।

पुलिस के अनुसार बुधवार को अलवर से जयपुर की तरफ जा रही रोडवेज बस ने सुरपुरा मोड़ पर अलवर तिराहे की तरफ से आ रही बाइक के टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार बाबूलाल बुनकर (32) पुत्र बिंजाराम निवासी सुरपुरा व उसका भांजा सायर बुनकर (24) पुत्र हरफूल बुनकर निवासी बांदरोल थानागाजी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों ने राजकीय उपजिला अस्पताल शाहपुरा पहुंचाया, जहां बाबूलाल की मौत हो गई। चिकित्सकों ने दूसरे गंभीर घायल सायरमल बुनकर को जयपुर रैफर कर दिया। जहां घायल सायरमल ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। भाबरू पुलिस ने रोडवेज बस को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी।

दो दिन पहले मामा से मिलने आया था

सुरपुरा निवासी मृतक बाबूलाल के एक बेटी (10) वर्ष व एक बेटा (8) वर्ष का है। मृतक बाबूलाल बीपीएल परिवार से है जो रंगपेंट का काम कर जीवनयापन करता था। जबकि मृतक सायरमल अविवाहित था। इसके तीन छोटे भाई-बहन हैं। सायरमल मजदूरी करता था। दोनों मृतक रिश्ते में मामा-भांजा थे। भांजा सायरमल दो दिन पहले ही मामा बाबूलाल से मिलने सुरपुरा आया था।

यह भी पढ़ें : पाली में दर्दनाक हादसा; अनियंत्रित ट्रोला बाइक पर गिरा, पिता-पुत्री की मौत

हादसे से गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

हादसे के बाद ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने, रोड पर तीन ब्रेकर बनाने व रोड को फोरलेन कर डिवाइडर बनाने व लाइट लगाने की मांग पर हाईवे को जाम कर दिया। सूचना पर विराटनगर डीएसपी शिप्रा राजावत, तहसीलदार लालाराम यादव, नायब तहसीलदार मेनका चौधरी, भाबरू थाना प्रभारी जयप्रकाश बेनीवाल, विराटनगर थाना प्रभारी सोहनलाल मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। लोगों ने बताया कि पहले जोगीपुरा में इस तीव्र घुमाव पर तीन ब्रेकर थे, लेकिन राजमार्ग के अधिकारियों ने तीनों ब्रेकरों को हटा दिया, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है।

सड़क किनारे ही प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहा है। इसके बावजूद यहां पर ब्रेकर नहीं बनाया गया और न ही यहां पर आबादी क्षेत्र व स्कूल का संकेतक लगा हुआ है। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। इस पर डीएसपी व तहसीलदार ने सरकार से उचित मुआवजा दिलाने व रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नियमानुसार ब्रेकर व रोड लाइट लगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटाया गया।

पुलिस प्रशासन ने एक घंटे बाद यातायात सुचारू करवाया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण 248-ए के प्रोजेक्ट मैनेजर शिवकुमार को मौके पर बुलाकर नियमानुसार ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग