
Weather Alert: जयपुर. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए पाली, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान मौसम बिगड़ने का अलर्ट दिया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह चेतावनी 1 अप्रेल को शाम चार बजे जारी की है। इनमें आगामी तीन घंटे की चेतावनी दी है।
इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा विश्लेषण के अनुसार, प्रदेश में एक के बाद एक दो मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पूर्वी ईरान और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 किमी ऊंचाई पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और कच्छ क्षेत्र में भी ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। वहीं, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर भी 1.5 किमी तक फैला चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
इसके अलावा, 12.6 किमी ऊंचाई पर 100 नॉट की रफ्तार से सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर सक्रिय है, जो मौसम प्रणाली को और मजबूती दे रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 7 अप्रैल से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के सांभर (जयपुर) में सर्वाधिक 34 मिमी वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के करणपुर और श्रीगंगानगर में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
1 अप्रैल को पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं 2 अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर संभाग में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 3 और 4 अप्रैल को इस पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में तेज मेघगर्जन, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और बारिश होने की प्रबल संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में फिर से मौसम बदलने की संभावना है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Updated on:
01 Apr 2026 04:25 pm
Published on:
01 Apr 2026 04:24 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
