
गुलाबी नगरी घूमने आए विदेशी पर्यटक आमेर महल को देखने के बाद खुशी से झूम कर पोज देते हुए। (Photo: रघुवीर सिंह)
Time Out Happiest Cities List: दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों में अब जयपुर भी शुमार हो गया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म टाइम आउट की ओर से जारी द वर्ल्ड्स हैप्पीएस्ट सिटीज 2026 सूची में जयपुर को दुनिया का छठा सबसे खुशहाल शहर बताया गया है। खास बात यह है कि टॉप-10 में जगह बनाने वाला जयपुर भारत का एकमात्र शहर है। रिपोर्ट के अनुसार, जयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, जीवनशैली, स्थानीय लोगों की मेहमाननवाजी, पारंपरिक बाजार, खानपान और सामुदायिक जुड़ाव ने उसे दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों में शामिल कराया। पर्यटन और संस्कृति के साथ आधुनिक शहरी जीवन का संतुलन भी जयपुर की बड़ी ताकत माना गया है।
यह रिपोर्ट 24 हजार से अधिक लोगों के वैश्विक सर्वे पर आधारित है। इसमें लोगों से उनके अनुभव, सामुदायिक भावना, सकारात्मक माहौल, खुशी के मापक को आधार बनाया गया।
"विदेशी पर्यटक जयपुर को सिर्फ किलों और महलों के लिए नहीं, बल्कि यहां के लोगों की मेहमाननवाजी, खानपान और जीवंत माहौल के लिए भी पसंद करते हैं। अधिकांश पर्यटक यहां दोबारा आने की इच्छा जताते हैं। यही सामुदायिक भावना और सांस्कृतिक समृद्धि जयपुर को दुनिया के सबसे खुशहाल शहरों में शामिल करने की बड़ी वजह हैं।"
-शिवांग धवन, टूरिस्ट गाइड
"जयपुर का माहौल बेहद जीवंत और रंगों से भरा हुआ है। यहां के लोग मुस्कुराकर स्वागत करते हैं, जिससे अपनेपन का एहसास होता है। ऐतिहासिक इमारतें, स्थानीय बाजार और संस्कृति इस शहर को खास बनाते हैं।"
-अलेसिया पिन्नोनी, इटली
"हमने कई देशों की यात्रा की है, लेकिन जयपुर की सांस्कृतिक पहचान और लोगों का व्यवहार अलग ही अनुभव देता है। यहां परंपरा और आधुनिक जीवन साथ-साथ चलते हैं। पर्यटकों के लिए यह शहर सुरक्षित, आकर्षक और यादगार अनुभव देने वाला है।"
-एंटोनियो-कियारा डॉगल्लिनी, फ्रांस
Updated on:
25 Jul 2026 11:29 am
Published on:
25 Jul 2026 11:29 am
