8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पोकरण में हुई 66 एमएम बारिश

- तेज बारिश से जगह-जगह जमा हुआ पानी
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 30 Aug 2020, 1:35 AM IST

पोकरण में हुई 66 एमएम बारिश

पोकरण में हुई 66 एमएम बारिश

पोकरण. क्षेत्र में बदले मौसम के कारण शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा हो गया। शनिवार को पोकरण कस्बे के तहसील में लगे रैनगेज के अनुसार 66 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। गत कुछ दिनों से भीषण गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ था। साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही भी लगी हुई थी। लोग भी बारिश का इंतजार कर रहे थे। शनिवार को दिन चढऩे के साथ सूर्य की तेज किरणें निकली। आठ बजे बाद आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और नौ बजे आसमान में काले घटाटोप बादल छा गए। जिससे दिन में अंधेरे जैसा मौसम हो गया। कुछ देर बाद रिमझिम फुहारों का दौर शुरू हुआ। देखते ही देखते तेज झमाझम बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक तेज रफ्तार से मूसलाधार बारिश हुई। इसके बाद दोपहर तक रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। बारिश से मौसम ठण्डा व सुहावना हो गया।
जगह-जगह जमा हुआ पानी
बारिश के कारण जगह-जगह पानी जमा हो गया। मुख्य चौराहे, जोधपुर-जैसलमेर रोड, फोर्ट रोड, भवानीपुरा के साथ कस्बे के भीतरी मोहल्लों मेंं पानी जमा हो जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। इसी प्रकार कस्बे के सालमसागर व रामदेवसर तालाब में भी पानी की कुछ आवक हुई। हालांकि अच्छी आवक नहीं होने से तालाब अभी तक सूखा नजर आ रहा है।
नाचना. गांव में शनिवार को सुबह आधे घंटे तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। आसमान में सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी हुई थी। करीब सवा 11 बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब आधे घंटे तक लगातार जारी रहा। मूसलाधार बारिश से छतों से परनाले बहने लगे और सड़कों पर पानी जमा हो गया। अस्पताल रोड पर डिवाइडर के एक तरफ पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण दो से ढाई फीट तक पानी जमा हो गया। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बारिश से खेतों में खड़ी ग्वार, मूंग, मोठ, मूंगफली की फसल को जीवनदान मिला है तथा किसानों के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। बारिश के साथ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, जो शाम तक भी सुचारु नहीं हो पाई थी।
लाठी. गांव सहित आसपास क्षेत्र में शनिवार को हुई तेज बारिश से जगह-जगह पानी जमा हो गया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी। दोपहर बाद करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। जिससे जगह-जगह पानी जमा हो गया। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल गए तथा खेतों में खड़ी फसलों को जीवनदान मिला। लाठी सहित क्षेत्र के धोलिया, खेतोलाई, लोहटा, डेलासर, सोढ़ाकोर क्षेत्र में भी झमाझम बारिश हुई।