5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पोकरण में 5 करोड़ की लागत से बनेगा नया बस स्टैंड

पोकरण कस्बे में नगरपालिका की ओर से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा।

2 min read
Google source verification
pokaran bus stand

पोकरण कस्बे में नगरपालिका की ओर से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा। गौरतलब है कि यहां वर्षों पुराना एक केन्द्रीय बस स्टैंड स्थित है, लेकिन यहां सुविधाओं का विस्तार नहीं होने के कारण यात्रियों को लाभ नहीं मिल पाता है। यहां से प्रतिदिन जोधपुर व बाड़मेर के लिए नाममात्र की रोडवेज बसों एवं ग्रामीण रूट पर चलने वाली निजी बसों का संचालन होता है। इस बस स्टैंड परिसर में एक विश्राम गृह व छोटी प्याऊ के अलावा अन्य कोई सुविधा नहीं है। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी होती है।

राज्य सरकार की घोषणा, 5 करोड़ रुपए स्वीकृत

कस्बे में गत कई वर्षों से बस स्टैंड में सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी। जिसको लेकर क्षेत्रीय विधायक महंत प्रतापपुरी ने मुख्यमंत्री से मांग की। जिस पर सरकार की ओर से गत बजट के दौरान पोकरण में बस स्टैंड के उद्धार करवाने को लेकर घोषणा की गई थी। इसी के अंतर्गत सरकार की ओर से गत दिनों 5 करोड़ रुपए की राशि भी स्वीकृत कर दी गई है।

फलसूंड रोड पर बनेगा अत्याधुनिक बस स्टैंड

कस्बे में वर्तमान में जोधपुर रोड पर केन्द्रीय बस स्टैंड स्थित है। यहां पर्याप्त जगह नहीं है और आबादी के भी पास स्थित है। ऐसे में भविष्य को देखते हुए नगरपालिका की ओर से फलसूंड रोड पर जोधपुर-जैसलमेर बाईपास के पास 5 बीघा भूमि आरक्षित की गई है। यहां 5 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा।

रोडवेज ने उपआगार के लिए मांगी 10 बीघा भूमि

इस संबंध में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से नगरपालिका को एक पत्र लिखा गया है। इसमें बताया गया है कि सरकार की ओर से बजट में रोडवेज बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की गई है। जिसको लेकर नगरपालिका की ओर से खसरा संख्या 878 में 5 बीघा भूमि चिन्हित की गई है। पत्र में बताया गया है कि पोकरण सीधा जोधपुर, जैसलमेर, फलसूंड, फलोदी, नाचना आदि शहरों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में भविष्य में रोडवेज की ओर से पोकरण में सेवाएं बढ़ाना संभावित है। साथ ही उपआगार के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में आगार कार्यालय एवं कार्यशाला के निर्माण के लिए 5 बीघा भूमि की जरुरत होगी। रोडवेज ने नगरपालिका से कम से कम 10 बीघा भूमि चिन्हित कर आवंटित करने की मांग की है, ताकि आधुनिक बस स्टैंड बन सके।

फैक्ट फाइल

  • 25 हजार है पोकरण कस्बे की आबादी
  • 5 करोड़ रुपए सरकार ने किए स्वीकृत
  • 5 बीघा भूमि की गई है चिन्हित

यात्रियों को मिलेगी सुविधाएं

सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। जिसके लिए फलसूंड रोड पर 5 बीघा भूमि चिन्हित की गई है। यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुविधाएं मिल सके।

  • जोधाराम विश्नोई, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, पोकरण