अनुपमा जोरवाल ने जैसलमेर कलक्टर का कार्यभार संभाला
-जिले की दूसरी महिला कलक्टर
जैसलमेर. भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने बुधवार को पूर्व जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जैसलमेर का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जोरवाल ने 60 वें जिला कलक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। शुचि त्यागी के बाद वे जिले की दूसरी महिला कलक्टर हैं। गत दिनों राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जोरवाल को जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जैसलमेर के पद पर नियुक्त किया था। इसकी अनुपालना में उन्होंने बुधवार को नए पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्हें निवर्तमान जिला कलक्टर कैलाशचन्द मीना ने कार्यभार सौंपा। नवनियुक्त कलक्टर जोरवाल का निवर्तमान कलक्टर मीना के साथ ही अतिरिक्त जिला कलक्टर केएल स्वामी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग भार्गव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामेश्वरलाल मीना ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, नगरपरिषद की सभापति कविता खत्री, पार्षद ईश्वरी भाटिया और समता व्यास आदि ने भी उनका स्वागत किया।