
गुजरात के धानेरा के पास आग की लपटों में घिरी बस। फोटो पत्रिका
Jaisalmer Bus Fire : जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद के बीच संचालित स्लीपर वातानुकूलित बस में गुजरात के धानेरा के पास आग लगने से पूरी बस आग का गोला बन गई। हादसे में जिले के खीनसर निवासी अम्बालाल (40 वर्ष) पुत्र सुरजाराम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य यात्री घायल हो गए।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक निजी एसी बस में आग लगने का समाचार हृदयविदारक है। इस हादसे में एक यात्री की मृत्यु एवं कई लोगों के झुलसने की खबर अत्यंत दुःखद है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
इस हादसे ने एक बार फिर गत वर्ष जैसलमेर से जोधपुर जा रही निजी बस के भयावह हादसे की याद ताजा करवा दी। उस हादसे में कुल 29 यात्रियों की दिल दहलाने वाली मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार यह हादसा बनासकांठा जिले के धानेरा में शुक्रवार तड़के करीब 3.30 बजे हुआ। यात्रियों ने बताया कि कुछ मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई।
माना जाता है कि यह हादसा बस में की गई एसी की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से हुआ। इस दौरान बस में यात्रा कर रहे यात्रियों ने आपातकालीन गेट से कूद कर अपनी जान बचाई। सभी घायलों को उपचार के लिए धानेरा ले जाया गया। जानकारी के अनुसार जैसलमेर स्थित स्वागत ट्रेवल्स की यह बस जिले के नाचना से बस गुरुवार शाम 6.30 बजे रवाना हुई। जानकारी के अनुसार बस में कुल 16 यात्री थे और हादसे के दौरान सभी नींद में थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांचौर से आगे विरोल क्षेत्र के पास बस के पिछले हिस्से में चिंगारी निकलीऔर धुंआ फैलने लग गया। पीछे बैठे यात्रियों ने चालक को बस रोकने के लिए कहा, लेकिन वह बस को भगाता रहा और गुजरात बार्डर पार कर नेनावा गांव तक ले गया। चालक ने नेनावा पुलिस चौकी से करीब 600 मीटर पहले बस को रोकी, तब आग विकराल रुप ले चुकी थी।
इस दुर्घटना में 9 लोग बुरी तरह से झुलस गए। जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोट आई है। घायलों में अहमदाबाद की भावना शाह, जैसलमेर निवासी मनीषा माली, मालमसिंह, शरीफ खान, अरुणा, बाड़मेर के रतनसिंह और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
यह जानकारी भी मिली है कि अम्बालाल करीब 90 प्रतिशत तक जल गया था, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि अम्बालाल रामगढ़ में सिलाई का काम करते थे और पिछले चार साल से डायबिटिज से ग्रस्त थे। वह दवा लेने के लिए अहमदाबाद जा रहे थे।
हादसे में बस में सफर कर रहे यात्रियों को काफी नुकसान हुआ है। भीषण आग की वजह से उनका सारा सामान, मोबाइल फोन आदि जलकर राख हो गए। जिला परिवहन अधिकारी टीकूराम ने बताया कि यह बस 25 जनवरी 2025 को नीमच में रजिस्टर्ड थी और उसके कागजात पूर्ण थे।
14 अक्टूबर 2025 - जोधपुर जैसलमेर हाइवे पर बस में आग लगने से 19 यात्री जिंदा जल गए। बाद में उपचार के बाद 10 लोगों को और मौत हुई।
08 अक्टूबर 2025 - दूदू के सांवरदा में सड़के के किनारे खड़े गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में पीछे से टैंकर के घुसने से भीषण आग लगने की घटना हुई। आग में टैंकर चालक जिंदा जल गया। करीब 200 से अधिक सिलेंडरों में विस्फोट हो गया।
20 दिसम्बर 2024 - अजमेर रोड डीपीएस कट पर गैस टैंकर के ट्रक से टकराने के बाद भीषण आग लगी। आग में 40 वाहन चपेट में आ गए व 20 लोग जिंदा जल गए।
Updated on:
14 Mar 2026 08:33 am
Published on:
14 Mar 2026 08:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
