
photo patrika
चाय अब पेय पदार्थ से आगे बढकऱ देश की सामाजिक संरचना, रोजगार व्यवस्था और बदलती उपभोक्ता संस्कृति का मजबूत संकेतक बन चुकी है। अनुमानित रूप से देश में प्रतिदिन करीब 90 करोड़ कप चाय की खपत एक ऐसे विशाल नेटवर्क को सक्रिय रखती है, जो खेतों से लेकर छोटे विक्रेताओं और बड़े ब्रांडों तक फैला हुआ है। सुबह की शुरुआत से लेकर देर रात तक चाय अब केवल थकान दूर करने का माध्यम नहीं, बल्कि बातचीत, नेटवर्किंग और निर्णयों का साझा मंच बनती दिखाई दे रही है। गौरतलब है कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश है और देश में उत्पादित लगभग 80 प्रतिशत चाय घरेलू बाजार में ही उपयोग होती है। यही वजह है कि भारतीय चाय बाजार उत्पादन आधारित मॉडल से अधिक उपभोग आधारित अर्थव्यवस्था का उदाहरण बन गया है। बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक इसकी मांग लगातार स्थिर बनी हुई है।
बीते कुछ वर्षों में चाय बाजार में एक नया उपभोक्ता व्यवहार उभरा है। पहले जहां दूध वाली पारंपरिक चाय की प्रमुख हिस्सेदारी थी, वहीं अब युवा वर्ग नए स्वाद और स्वास्थ्य आधारित विकल्पों की ओर बढ़ रहा है। ग्रीन टी, हर्बल टी, लेमन टी, इंस्टेंट टी और फ्लेवर मिश्रित उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। एक समय सडक़ किनारे दिखाई देने वाले छोटे चाय स्टॉल अब स्थानीय आर्थिक इकाई की भूमिका निभा रहे हैं। शहरों में स्टार्टअप चर्चा, राजनीतिक बातचीत, नौकरी से जुड़ी जानकारी और छोटे कारोबारी निर्णयों का केंद्र भी चाय स्टॉल बनते जा रहे हैं। कम निवेश में शुरू होने वाला यह व्यवसाय लाखों लोगों के लिए आजीविका का बड़ा विकल्प बना हुआ है।
-भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश
-उत्पादित चाय का लगभग 80 प्रतिशत घरेलू खपत में उपयोग
-25 से अधिक देशों में भारतीय चाय का निर्यात
-विश्व में पानी के बाद चाय सबसे अधिक उपभोग किया जाने वाला पेय
-18 से 35 वर्ष आयुवर्ग में फ्लेवर आधारित चाय की मांग तेजी से बढ़ी
बदलती जीवनशैली के साथ चाय का स्वरूप भी बदल रहा है। कुल्हड़ चाय, तंदूरी चाय और प्रीमियम मिश्रण आधारित मॉडल बाजार में नई जगह बना रहे हैं। सोशल मीडिया के दौर में चाय अब केवल स्वाद नहीं, बल्कि अनुभव आधारित उपभोग का हिस्सा बन रही है। हालांकि इस क्षेत्र के सामने बड़ी चुनौती भी मौजूद है। जलवायु परिवर्तन का असर अब चाय उत्पादन क्षेत्रों पर दिखाई देने लगा है। बढ़ते तापमान, अनियमित वर्षा और मिट्टी की बदलती स्थिति ने उत्पादन प्रक्रिया पर दबाव बढ़ाया है।
-चाय उत्पादन के लिए 23-25 डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त माना जाता
-सालाना 1500-2500 मिलीमीटर वर्षा की जरूरत
-बढ़ते तापमान से पौधों की वृद्धि प्रभावित होने की आशंका
-मिट्टी की नमी कम होने से उत्पादन लागत बढऩे की संभावना
चाय उद्योग से जुड़े व उद्यमी सांगाराम चौधरी का कहना है कि आने वाले समय में चाय उद्योग को जलवायु अनुकूल खेती और बाजार विस्तार पर काम करना होगा। छोटे उत्पादकों को तकनीकी सहायता और नीति समर्थन देना भी जरूरी माना जा रहा है। मौजूदा समय में भारत में एक कप चाय स्वाद के साथ-साथ रोजगार, सामाजिक जुड़ाव और बदलती अर्थव्यवस्था की नई कहानी भी लिख रही है।
Published on:
20 May 2026 08:22 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
