
...और यहां नेटवर्क के बाद नहीं लग रही हाजिरी
नोख. महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना मनरेगा में श्रमिकों की उपस्थिति के लिए शुरू किया गया मोबाइल एप्प कई तकनीकी खामियों के कारण परेशानी का सबब बना हुआ है। कई जगहों पर मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण उनकी हाजिरी नहीं लग रही है, तो कुछ जगहों पर मोबाइल एप्प सही तरीके से काम नहीं करने के कारण श्रमिकों को परेशानी हो रही है। ऐसा ही कुछ शुक्रवार को नोख गांव में नजर आया, जब मनरेगा के कार्यस्थल पर मोबाइल एप्प के सही तरीके से काम नहीं करने के कारण उपस्थित श्रमिकों की हाजिरी नहीं लग सकी। जानकारी के मुताबिक नोख गांव के ऐटा पाड़ा ग्रेवल सड़क निर्माण कार्य में 50 श्रमिक नियोजित है। यहां शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे मोबाइल एप्प तकनीकी खराबी के कारण नहीं चल सका। जिससे यहां कार्य कर रहे श्रमिक अपनी मजदूरी के भुगतान को लेकर आशंकित नजर आए। इस दौरान पंचायत कार्मिक सुरेशकुमार विश्रोई ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल एप्प से उपस्थिति लेने का प्रयास किया, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद भी हाजिरी नहीं लग सकी। ऐसे में यहां दिनभर काम करने वाले श्रमिक अपनी मजदूरी मिलने को लेकर परेशान नजर आए।
मस्टररोल नहीं होने से बढ़ी परेशानी
मोबाइल से उपस्थिति दर्ज करने का नियम शुरू होने के बाद यहां मस्टररोल उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे है। ऐसे में मोबाइल एप्प के सही तरीके से कार्य नहीं करने के कारण मजदूर उपस्थिति दर्ज करवाने से वंचित रह रहे है। यहां नियोजित श्रमिकों ने बताया कि मोबाइल से उपस्थिति दर्ज करने के सिस्टम से फर्जीवाड़ा रुकने की संभावना है, लेकिन एप्प के सही तरीके से कार्य नहीं करने के कारण गरीब श्रमिकों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने मोबाइल एप्प के सही तरीके से संचालित होने तक मस्टररोल उपलब्ध करवाने और ऑफलाइन उपस्थिति लेने की मांग की है।
Published on:
05 Feb 2022 04:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
