
33 मतदान केन्द्रों पर 24 वार्डों के 15732 मतदाता चुनेंगे नगर की सरकार
पोकरण. आजादी से पूर्व 1936 में स्थापित हुई पोकरण नगरपालिका के आम चुनाव के अंतर्गत गुरुवार को मतदान होगा। जिसको लेकर प्रशासन व पुलिस की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। गौरतलब है कि भारत-पाक सीमा पर स्थित सरहदी जिले जैसलमेर के परमाणु नगरी नाम से विख्यात पोकरण की नगरपालिका के चुनाव की प्रक्रिया गत 11 जनवरी को शुरू हुई थी। पोकरण के वार्ड संख्या आठ में पार्षद का निर्विरोध निर्वाचन हो जाने के बाद शेष रहे 24 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीयोंं सहित कुल 103 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे है। इन 24 वार्डों में गुरुवार को मतदान होगा। जिसको लेकर प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया गया है। साथ ही पुलिस की ओर से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदाताओं को सुरक्षित व भयमुक्त मतदान के लिए पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। गुरुवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जिसको लेकर मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंच गए है। जिला मुख्यालय पर सभी मतदान दलों के अधिकारियों व कर्मचारियों को बुधवार को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया तथा उन्हें सामग्री का वितरण किया गया। मतदान दल अपने-अपने केन्द्रों पर बुधवार शाम तक पहुंच गए। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य संपन्न करवाने के लिए मतदान दलों ने अपने मतदान केन्द्रों पर तैयारियां पूर्ण की।
बनाए गए है 33 मतदान केन्द्र
पोकरण के वार्ड संख्या एक से सात व नौ से 25 में गुरुवार को होने वाले मतदान के लिए 33 मतदान केन्द्रों की स्थापना की गई है। यहां 15 हजार 732 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। निर्वाचन अधिकारी व उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई ने बताया कि वार्ड संख्या एक में कुल मतदाता 664 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या तीन उत्तरी भाग, वार्ड संख्या दो में कुल मतदाता 565 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलिया उत्तरी भाग, वार्ड संख्या तीन में कुल मतदाता 503 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलिया दक्षिणी भाग में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है। इसी प्रकार वार्ड संख्या चार के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलिया पूर्वी भाग-1 में कुल मतदाता 331 एवं भाग-2 में कुल मतदाता 410 तथा वार्ड संख्या पांच में कुल मतदाता 587 के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय नम्बर दो रामप्रोल, वार्ड संख्या छह में कुल मतदाता 648 के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय मंगलपुरा उत्तरी भाग, वार्ड संख्या सात के लिए नगर पालिका पोकरण हॉल संख्या एक कुल मतदाता 454 व हॉल संख्या दो में कुल मतदाता 350, वार्ड संख्या नौ कुल मतदाता 410 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नम्बर 3 दक्षिणी भाग-1 को मतदान केन्द्र बनाया गया है। वार्ड संख्या 10 में कुल मतदाता 596 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण मध्य भाग, वार्ड नम्बर 11 के लिए छोटादेवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण का उत्तरी भाग-1 में कुल मतदाता 448 व भाग-2 में कुल मतदाता 270 मतदान करेंगे। इसी तरह वार्ड नम्बर 12 के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय मंगलपुरा का मध्य भाग-1 कुल मतदाता 512 व भाग-2 कुल मतदाता 447, वार्ड नम्बर 13 के लिए छोटादेवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण का दक्षिणी भाग-1 कुल मतदाता 343 व भाग-2 कुल मतदाता 471, वार्ड नम्बर 14 कुल मतदाता 724 के लिए छोटा देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण का पूर्वी भाग-1 में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है। इसी प्रकार वार्ड नम्बर 15 कुल मतदाता 616 के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय मंगलपुरा दक्षिणी भाग, वार्ड नम्बर 16 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केके बास का उतरी भाग-1 कुल मतदाता 314 एवं भाग-2 कुल मतदाता 496, वार्ड नम्बर 17 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केके बास का दक्षिणी भाग-1 कुल मतदाता 454 एवं भाग-2 कुल मतदाता 372 मतदान करेंगे। इसी क्रम में वार्ड संख्या 18 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नम्बर 1 पोकरण का उत्तरी भाग-1 कुल मतदाता 453 एवं भाग-2 कुल मतदाता 373, वार्ड नम्बर 19 कुल मतदाता 617 के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय नम्बर 5 भील बस्ती पोकरण में मतदान केन्द्र स्थापित रहेगा। इसी प्रकार वार्ड नम्बर 20 कुल मतदाता 545 के लिए छोटादेवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्वी भाग-2, वार्ड नम्बर 21 कुल मतदाता 615 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या एक का दक्षिणी भाग, वार्ड नम्बर 22 कुल मतदाता 468 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण हॉल-1 में मतदान केन्द्र स्थापित रहेगा। वार्ड नम्बर 23 कुल मतदाता 526 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण दक्षिणी भाग, वार्ड नम्बर 24 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण उत्तरी भाग-1 कुल मतदाता 546 एवं भाग 2 कुल मतदाता 271, वार्ड नम्बर 25 कुल मतदाता 333 के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नम्बर 3 पोकरण के दक्षिणी भाग-2 में मतदान केन्द्र स्थापित रहेगा।
सार्वजनिक अवकाश घोषित
नगरपालिका पोकरण के चुनाव-2021 के अंतर्गत मतदान दिवस 28 जनवरी गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलक्टर आशीष मोदी ने एक आदेश जारी कर गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
200 से अधिक का जाब्ता किया तैनात
नगरपालिका चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान को लेकर पुलिस की ओर से कस्बे के मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा ने बताया कि गुरुवार को पार्षद पदों को लेकर होने वाले चुनाव को लेकर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने व भयमुक्त होकर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, इसके लिए सभी 25 वार्डों के लिए पुलिस, आरएसी व होमगार्ड के 200 जवान तैनात किए गए है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। इसी प्रकार तीन अलग-अलग उपनिरीक्षक के नेतृत्व में तीन मोबाइल पार्टियां तैनात की गई है, जो अपने क्षेत्रवार गश्त कर कानून एवं शांति व्यवस्था पर नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिनकुमार शर्मा के निर्देशन में दो पुलिस उपाधीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि नगरपालिका परिसर व सात विद्यालयों कुल आठ जगहों पर 33 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए है। इन आठ जगहों पर एक-एक सहायक उपनिरीक्षक के नेतृत्व में अतिरिक्त जाब्ता भी लगाया गया है।
Published on:
27 Jan 2021 09:28 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
