
राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर जिले में खेल और फिटनेस का बेहतर संगम देखने को मिला। शुक्रवार को इंदिरा इंडोर स्टेडियम से हनुमान चौराहे तक दौड़ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने फिट इंडिया की शपथ लेकर खेल और स्वस्थ जीवन के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। प्रातःकालीन सत्र में शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में बालक-बालिकाओं ने रस्सा रस्सी, रस्सी कूद, सेक रेस और अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जिसमें बच्चों ने बड़े जोश के साथ खेलों में भाग लिया। सायंकालीन सत्र में इंदिरा इंडोर स्टेडियम में भारतीय थल सेना और जैसलमेर टीम के बीच हॉकी मुकाबला हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने दर्शकों को रोमांचक खेल का अनुभव कराया। इसके साथ ही जिले में चयनित जिम्नास्टिक खिलाड़ी ने प्रदर्शन कर प्रतियोगियों और दर्शकों को प्रेरित किया। इसी अवसर पर क्रीड़ा भारती ज्ञान परीक्षा के पोस्टर का विमोचन और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
जिले के विभिन्न हिस्सों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में बच्चों और युवाओं ने सामूहिक खेल और फिटनेस गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारियों ने भी बच्चों और युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।जिला समन्वयक ने बताया कि आगामी 30 और 31 अगस्त को योग, वालीबाल, कबड्डी, एथलेटिक्स, हैंडबॉल और बास्केटबॉल जैसे खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 31 अगस्त को संडे ऑन साइकिल रैली के माध्यम से जिले भर के नागरिकों को सक्रिय जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय वायुसेना स्थल में प्राचार्य विशनसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य ने राष्ट्रीय खेल दिवस का शुभारंभ कर किया।इस अवसर पर ट्रैक और फील्ड इवेंट के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए लेमन रेस, सैक रेस और सौ मीटर दौड़ कराई गई। कक्षा छठी से बारहवीं तक इंटर हाउस प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें बास्केटबॉल में रमन सदन और खो-खो में अशोक सदन विजेता रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन शारीरिक शिक्षक पुरु भाटिया, योग शिक्षिका अजीता और प्राथमिक शिक्षक विक्रमजीत ने किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को खेल भावना से खेलने, खेलों में प्रतिभा निखारने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब में कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें रोबोटिक्स इंजीनियर आकाश शर्मा ने 3डी प्रिंटिंग, एआई, सेंसर्स, अरुडिनो और रास्पबेरी पर जानकारी दी। इस अवसर पर सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
Published on:
29 Aug 2025 08:53 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
