
पुलिस की उपस्थिति में श्मशान की चारदीवारी का निर्माण कार्य हुआ शुरू
पोकरण. कस्बे में दर्जी समाज की श्मशान भूमि व बालीनाथ महाराज के आश्रम की भूमि को लेकर लम्बे समय से चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को पुलिस की उपस्थिति में चारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। गौरतलब है कि दर्जी समाज व बालीनाथ महाराज के आश्रम के बीच भूमि के सीमांकन को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा है। गत दिनों पटवारी की ओर से भूमि का सीमांकन भी किया गया, लेकिन एक पक्ष की ओर से आपत्ति जताई जा रही है। नगरपालिका की ओर से विभिन्न समाजों के श्मशान भूमि में विकास कार्य व चारदीवारी निर्माण कार्यों के लिए धनराशि आवंटित की गई है। इसी के अंतर्गत दर्जी समाज की ओर से निर्माण कार्य शुरू करने पर दूसरे पक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई। ऐसे में विवाद की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस की उपस्थिति में यहां निर्माण कार्य शुरू किया गया। पुलिस उपनिरीक्षक मोहम्मद हनीफ व हेड कांस्टेबल कानाराम विश्रोई मय जाब्ता यहां उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में दर्जी समाज की ओर से चारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू किया गया। इसी प्रकार दर्जी समाज के लोगों ने श्यामलाल गोयल, जसराज दर्जी के नेतृत्व में युवाओं ने श्मशान भूमि में श्रमदान कर सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
Updated on:
17 Jul 2020 10:16 pm
Published on:
17 Jul 2020 10:16 pm
