6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Crime: बढ़ रही चोरी की वारदातें, पुलिस कुंभकर्णी नींद में

- ब्रह्मबाग में तीन दिन में दूसरी बार चोरी, तांबे के बर्तन चोरी

2 min read
Google source verification
Crime: बढ़ रही चोरी की वारदातें, पुलिस कुंभकर्णी नींद में

Crime: बढ़ रही चोरी की वारदातें, पुलिस कुंभकर्णी नींद में

पोकरण. कस्बे के गीता भवन के पास स्थित पुष्करणा समाज के ब्रह्मबाग में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। यहां चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि एक ही स्थान पर तीन दिन में लगातार दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। कस्बे के ब्रह्मबाग में लगातार तीन दिनों में दो बार चोरी की वारदात हो चुकी है। सोमवार रात हुई चोरी के बाद मंगलवार को पुलिस ने मौका मुआयना किया और मामले की जांच शुरू की। ब्रह्मबाग की व्यवस्था देख रहे कार्यकर्ता गौरीशंकर जोशी ने बताया कि ब्रह्मबाग में पुष्करणा समाज सहित अन्य समाजों के लोगों की ओर से किसी व्यक्ति की मौत के बाद तीये व क्रिया का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसलिए ब्रह्मबाग के एक कमरे में पूजन एवं क्रियाकर्म का सामान व बर्तन आदि रखे हुए है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने इस कमरे के ताले तोड़कर तांबे की दो परात, सात लोटे व एक पंखा चुरा लिया। दो दिन बाद जनसहयोग से कुछ सामान पुन: खरीदकर लाया गया। क्योंकि उस दिन एक महिला की क्रिया होनी थी। क्रिया के बाद सामान कमरे में रख दिया गया। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि सोमवार रात अज्ञात चोरों ने तांबे की एक परात, तांबे के छह लोटे, स्टील के छह लोटे व अन्य सामान चुरा लिया। मंगलवार को सुबह वे ब्रह्मबाग गए तो यहां कमरे के ताले टूटे हुए थे। सूचना पर पुलिस ने यहां पहुंचकर मौका मुआयना किया और मामले की जांच शुरू की।
चोरों के हौसले बुलंद, पुलिस कुंभकर्णी नींद में
कस्बे में फोर्ट रोड से रामदेवसर तालाब जाने वाले मार्ग पर मोक्षधाम, पुष्करणा समाज का ब्रह्मबाग, कई समाजों के श्मशान स्थल व कई मंदिर स्थित है। रात के समय इस मार्ग पर चहल पहल कम रहती है। ऐसे में यहां श्मशान स्थलों, मंदिरों व ब्रह्मबाग पर अज्ञात चोरों की नजर गड़ी रहती है। ये चोर यहां रखे सामान को चुरा लेते है। आए दिन हो रही चोरी की वारदातों में कस्बेवासियों में रोष व्याप्त है और भय का माहौल है। जबकि पुलिस कुंभकर्णी नींद में सो रही है। चोरों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण उनके हौसले भी बुलंद हो रहे है तथा चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। गौरतलब है कि पुष्करणा समाज, सेवग समाज के श्मशान स्थलों से पूर्व में कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी है।