
सर्दी से फसलों में खराबा, किसान चिंतित, आमजन का बेहाल
लाठी. क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी के मौसम में फसलें जलकर नष्ट हो रही है। गुरुवार की रात चली तेज सर्द हवा के कारण फसलों पर जमी ओस बर्फ में तब्दील हो गई। साथ ही नलकूप क्षेत्रों में कई जगहों पर वाहनों पर बर्फ जमी नजर आई। हालांकि शुक्रवार को दिन में तेज धूप खिली, लेकिन शीतलहर व तेज सर्दी का दौर लगातार जारी रहा। नलकूप बाहुल्य लाठी क्षेत्र में शुक्रवार को सर्दी का सितम तेज रहा। गुरुवार की रात तेज सर्द हवा व कड़ाके की सर्दी के कारण कई जगहों पर फसलों पर पाला पडऩे के समाचार मिले है। ओस की बूंदे बर्फ बन जाने एवं फसलों, फूलों व पत्तियों पर बर्फ की परत जम जाने के कारण फसलों को खासा नुकसान हुआ है। रबी की फसल में हुए नुकसान से किसान चिंतित है। किसान नेता राजूराम चौधरी, कालूसिंह, जेठूसिंह केरालिया, जगदीश विश्रोई धोलिया, जेतमालसिंह भैरवा, आभनखां, अमीनखां झाबरा, अशोक सोढ़ाकोर ने बताया कि शुक्रवार को सुबह खेतों में पहुंचे तो फसलों पर बर्फ जमीन नजर आई। हालांकि धूप खिलने से कुछ देर बाद बर्फ पिघल गई। बर्फ जमने व पाला पडऩे के कारण फसलें झुलस गई। जिसके कारण फसलों में नुकसान हुआ है। उन्होंने सर्वे करवाकर फसल खराबे का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
पोकरण. क्षेत्र में चल रहा तेज शीतलहर व सर्दी का दौर लगातार जारी है। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। शुक्रवार को दिन चढऩे के साथ तेज हवाएं चलने लगी। सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। 10 बजे बाद तेज सूर्य की किरणें निकली। जिससे लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सर्द हवाओं का दौर देर शाम तक भी जारी रहा। शाम ढलने पर सर्दी का असर बढ़ गया। जिससे लोगों ने घरों की तरफ जल्दी प्रस्थान किया। लोग दिनभर गर्म व ऊनी वस्त्र पहने नजर आए। साथ ही गर्म खाद्य व पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली।
Published on:
27 Jan 2023 07:57 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
