
एआई तस्वीर
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार को स्कूल समय में एक छात्र को बीच सड़क से उठाने की घटना सामने आई। अमर शहीद सागरमल गोपा उच्च माध्यमिक विद्यालय में 11वीं में पढ़ने वाला छात्र समीर जावा पुत्र प्रकाश जावा यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर स्कूल से लौटा था। बाहर आते ही कुछ युवकों ने उसे घेर लिया, पीटा और नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ी में जबरन बैठा कर ले गए। घटना शहर में दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में हलचल मच गई।
छात्र को पहले शहीद पूनम सिंह स्टेडियम के पास से उठाया गया और फिर गड़ीसर इलाके की तरफ ले जाया गया। इस दौरान आरोपियों ने उसे शहर के अन्य हिस्सों में भी घुमाया। मामले की जानकारी मिलते ही छात्र के पिता ने कोतवाली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने तुरंत वारदात की दिशा में जांच शुरू की, संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की और पीछा किया। पुलिस को आते देख आरोपी घबरा गए और छात्र को बीच सड़क पर छोड़कर भाग निकले।
यह वीडियो भी देखें
बाद में छात्र को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की संभावना है। छात्र के पिता ने बताया कि जिन युवकों ने बेटे को उठाया, उन्होंने पहले भी मामूली विवाद में उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की थी। इस बीच पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है।
राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl
Updated on:
22 Jan 2026 05:07 pm
Published on:
22 Jan 2026 05:07 pm
