
Desert Festival 2024 In Jaislamer : राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी पर झूमे दर्शक
जैसलमेर के शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में गुरुवार सुबह मरु महोत्सव के दिन के कार्यक्रमों में गर्मी और कई कारणों से दर्शकों की कमी की कसर रात के सांस्कृतिक कार्यक्रम व सेलिब्रिटी नाइट में पूरी हो गई। हजारों दर्शकों से खचाखच भरे पूनम स्टेडियम में मरु लोकगीत-संगीत को देश और दुनिया में ख्याति दिलाने वाले कलाकारों के साथ मौजूदा समय में राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी...गीत गाने वाली कलाकार ने ऐसा रंग जमाया कि, दर्शक वाह-वाह कर उठे। सायंकालीन कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर पदमश्री सम्मान से सम्मानित लोक कलाकार अनवर खां और मशहूर कलाकार पेपे खां का जिला न्यायाधीश पूरण कुमार शर्मा, जिला कलक्टर प्रतापसिंह और पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने सम्मान किया। बाद में दोनों लोक कलाकारों ने माड्धरा की मिट्टी से जुड़ी पेशकशों से समां बांध दिया। दर्शकों खासकर जैसलमेर से बाहरी इलाकों के लोगों ने उनकी प्रस्तुतियों को खूब सराहा। इसके बाद स्वाति मिश्रा ने राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी...गीत सहित अन्य भक्तिपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं का दिल जीत लिया। हल्की गुलाबी सर्दी के बीच अपने-अपने स्थानों पर जमे लोगों ने स्थानीय स्तर से बॉलीवुड तक पर छाप छोड़ने वाले कलाकार मम्मे खां की प्रस्तुतियों का जमकर लुत्फ उठाया। इस मौके पर पूनम स्टेडियम के सारे पैवेलियन और सभी दर्शक दीर्घाएं खचाखच भरी हुई थी। प्रशासन के साथ सैन्य बलों के लोग भी बड़ी तादाद में परिवारजनों के साथ सुरमयी सांझ का आनंद उठाने पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी, किशोर राजपुरोहित और प्रीति भाटिया ने किया।
Published on:
22 Feb 2024 09:14 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
