6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘सोई सरकार को जगाने के लिए भाजपा लाई हल्ला बोल कार्यक्रम’

- 31 को डिस्कॉम कार्यालयों का होगा घेराव

2 min read
Google source verification
'सोई सरकार को जगाने के लिए भाजपा लाई हल्ला बोल कार्यक्रम'

'सोई सरकार को जगाने के लिए भाजपा लाई हल्ला बोल कार्यक्रम'

जैसलमेर. राजस्थान सरकार की ओर से विद्युत दरों में अनाप-शनाप बढ़ोतरी किए जाने और अन्य जनसमस्याओं को लेकर विपक्षी भाजपा ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार हल्ला बोल कार्यक्र्रम चलाने का फैसला किया है। इसके तहत 31 तारीख को जैसलमेर जिले में डिस्कॉम के कनिष्ठ, सहायक और अधिशासी अभियंताओं के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। भाजपा के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता से किए गए वादों को भुलाकर सोई हुई कांग्रेस सरकार को जगाने के लिए यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। शारदा ने कहा कि कोरोना संकट की वजह से लोगों के सामने भोजन का संकट उत्पन्न हो गया है, ऐसे समय में राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के 1.15 करोड़ विद्युत उपभोक्ताओं पर भार बढ़ाया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं से 1400 करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य बनाया गया है। यह अन्यायपूर्ण है।
कुप्रबंधन की प्रतीक सरकार
पूर्व विधायक डॉ. जितेंद्रसिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार कुप्रबंधन की प्रतीक बन गई है। कोरोना से निपटने में सरकार पूरी तरह से विफल है। यह न तो लोगों को पर्याप्त मेडिकल सुविधा मुहैया करवा पा रही है और न ही आमजन को जागरुक करवा सकी है। सरकार केवल अपनी कुर्सी संभालने में जुटी है। पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी ने सरकार 10 दिन में किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ करने का वादा कर सत्ता में आई लेकिन किसान आज भी कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। जिस किसान ने कभी सहकारी बैंक में पांव नहीं रखा, उसे कर्ज जारी करना व बाद में उसकी वसूली तक दिखाई जा रही है।
बिल से आता है करंट
पूर्व विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि बिजली का बिल हाथ में लेते ही उपभोक्ताओं को करंट आता है। राजस्थान अपराधियों की राजधानी बन गया है। बेरोजगारों को भत्ता नहीं मिल रहा है। जैसलमेर में बाहरी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। आरएसएमएम में बाहर के ट्रक चल रहे हैं और स्थानीय ट्रक संचालक आंदोलन करने पर विवश हैं। पत्रकार वार्ता के मौके पर पार्टी पदाधिकारी सुशील व्यास, सवाईसिंह गोगली, जुगल बोहरा, कंवराजसिंह मौजूद थे।