
Video: स्वर्णनगरी में 30 करोड़ बरसे, 800 से ज्यादा दुपहिया वाहन बिके
पंचदिवसीय दीपपर्व का आगाज शुक्रवार को धनतेरस के साथ हो गया। इस मौके पर बाजार में जमकर धन बरसा और समृद्धि के पर्व की रंगारंग शुरुआत हुई। इस बार दो दिन धनतेरस मनाए जाने के चलते शनिवार को भी बाजारों में बम्पर खरीदारी होने की उम्मीद है। वैसे शुक्रवार को जैसलमेर शहर में ही 30 करोड़ रुपए से ज्यादा के सामान की बिक्री होने से दुकानदारों व अन्य व्यवसायियों के चेहरों पर रौनक बिखरी दिखाई दी। शहर के गुलासतला, आसनी पथ, गोपा चौक, सदर बाजार, पंसारी बाजार, कचहरी मार्ग, अमरसागर प्रोल और हनुमान चौराहा सहित आवासीय कॉलोनियों की दुकानों में भी अच्छा कारोबार हुआ। चारों तरफ सजी-धजी दुकानों व दिवाली के अवसर पर काम आने वाली सामग्री से बाजार गुलजार नजर आ रहे हैं। खरीदारों का सबसे ज्यादा जोर दुपहिया वाहनों, मोबाइल हैंडसेट, इलेक्ट्रोनिक सामान, कपड़ों व अन्य उपभोक्ता वस्तुओं पर रहा। इनके शोरूम पर सुबह से ग्राहकी का जोर रहा, जो देर शाम तक चला।
यहां रही ग्राहकों की रेलपमेल
जैसलमेर के बाशिंदों ने इस धनतेरस पर दुपहिया वाहन खरीदने के प्रति भारी आकर्षण दिखाया है। जानकारी के अनुसार जैसलमेर में शुक्रवार को एक ही दिन में करीब 800 दुपहिया वाहन बिक गए। वाहनों के शोरूम में फाइनेंस की सुविधा उपलब्ध होने से खरीदारों की भारी भीड़ नजर आई। एक दुपहिया वाहन एजेंसी के संचालक राजेन्द्र सुथार ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में 25 से 35 प्रतिशत ज्यादा व्यवसाय हुआ है। एजेंसी संचालकों ने भी पहले से स्टॉक कर रखा था। ऐसे ही इलेक्ट्रोनिक सामान यथा स्मार्र्ट टीवी, वॉशिंग मशीन, म्यूजिक सिस्टम, रेफ्रिजरेटर, आदि और हमेशा की भांति मोबाइल हैंडसेट की बिक्री बेतहाशा हुई। स्टील-पीतल के बर्तनों, सोने-चांदी के आभूषणों, रेडिमेड वस्त्रों, जूते-चप्पल आदि की दुकानों के साथ सजावटी सामान की रेहडिय़ों पर भी अच्छी ग्राहकी का आलम रहा।
घर-घर जले दीप
घरों में महिलाओं ने धनतेरस की शाम से दीप भी प्रज्ज्वलित करना प्रारंभ कर दिए। इससे दिवाली की रौनक और निखर गई। धनतेरस का दिन खरीदारी के लिए शुभ माने जाने की वजह से सुबह से ही खरीदारों की भीड़ बाजारों में नजर आने लगी। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी तादाद में महिलाएं व पुरुष खरीदारी के लिए पहुंचे।दुकानदारों ने रंगीन रोशनियों व अन्य प्रचार सामग्री से प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया-संवारा है। मिठाई विक्रेताओं और सजावटी सामान, लाइटें आदि बेचने वालों ने सडक़ पर आगे बढकऱ सामान सजा रखा है। बाजारों और मुख्य मार्गों पर भारी चहल- पहल से व्यापारी वर्ग के चेहरों पर चमक दिखाई दी।
रोशनियों से नहा गया शहर
पांचदिनी दीपपर्व के मौके पर शहर के बाजारों में दुकानदारों ने रंगीन रोशनियों से अपने प्रतिष्ठानों को जोरदार ढंग से सजाया है। इससे सारे बाजार चमक उठे हैं। दूसरी तरफ नगरपरिषद स्तर सोनार दुर्ग सहित सभी चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आभूषणों की दुकानों पर महिलाओं व पुरुष ग्राहकों की भीड़ देखी गई। दिवाली के बाद में मांगलिक कार्यों का आगाज होने के कारण लोगों ने सोने-चांदी के शोरूम पर आभूषणों की खरीद की। मिठाइयों और फर्नीचर की दुकानों पर अच्छी ग्राहकी का आलम रहा। शाम को तो बाजारों में पांव धरने तक को जगह नहीं बची। स्टील के साथ पीतल और तांबे के बर्तनों के साथ लोहे की संदूक भी खूब बिके।
बाजार से पैदल निकलना भी दुभरइधर त्योहार के मौके पर एकदम से ग्राहकी का जोर होने से शहर के पुराने बाजारों में तो दिनभर जाम के हालात बने रहे। इसके अलावा जो भी लिंक रास्ते हैं, वहां वाहनों की इफरात व गलत ढंग से गाडिय़ां खड़ी किए जाने से आवाजाही पर असर पड़ा।
फैक्ट फाइल
- 12 करोड़ के वाहनों की अनुमानित बिक्री
- 03 करोड़ के आभूषण व सिक्के बिके
- 06 करोड़ के मोबाइल व इलेक्ट्रोनिक सामान बिका
- 03 करोड़ के घरेलू सामान की बिक्री
Published on:
10 Nov 2023 08:34 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
