1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समर शेड्यूल में जैसलमेर में हवाई सेवाएं शुरू कराने की कवायद शुरू

पर्यटन नगरी जैसलमेर से समर शेड्यूल में हवाई सेवाएं शुरू करवाने की मुहिम ने रफ्तार पकड़ ली है। गर्मी की शुरुआत के साथ उड़ानों के अभाव से जूझ रहे पर्यटन व्यवसायियों और आमजन को राहत देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है।

2 min read
Google source verification

पर्यटन नगरी जैसलमेर से समर शेड्यूल में हवाई सेवाएं शुरू करवाने की मुहिम ने रफ्तार पकड़ ली है। गर्मी की शुरुआत के साथ उड़ानों के अभाव से जूझ रहे पर्यटन व्यवसायियों और आमजन को राहत देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी दिशा में प्रशासन ने हितधारकों के साथ दो दौर की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित कर संभावनाओं पर गहन मंथन किया।

बैठकों में पर्यटन व्यवसायी, होटल संचालक, कॉर्पोरेट प्रतिनिधि और अन्य संबंधित पक्ष शामिल हुए। समर सीजन में संभावित पर्यटक आवक को ध्यान में रखते हुए उड़ानों की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। यह भी सामने आया कि समय रहते ठोस प्रयास किए जाएं तो जैसलमेर को पुनः हवाई नेटवर्क से जोड़ा जा सकता है। प्रशासन का ध्यान एयरलाइंस कंपनियों के साथ व्यवहारिक और लाभकारी मॉडल विकसित करने पर है, जिससे सेवाएं नियमित और टिकाऊ रूप से संचालित हो सकें।

2021 का सफल मॉडल फिर चर्चा में

बैठकों में वर्ष 2021 के सफल प्रयोग को आधार बनाया गया। उस समय पर्यटन व्यवसायियों और प्रशासन के समन्वय से एक एयरलाइन कंपनी के साथ एमओयू किया गया था। इस व्यवस्था में संभावित घाटे की भरपाई स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की गई थी। परिणामस्वरूप उड़ान संचालन सफल रहा और किसी प्रकार का घाटा सामने नहीं आया। अब इसी मॉडल को पुनः लागू करने पर गंभीरता से विचार हो रहा है, ताकि एयरलाइंस कंपनियों को भरोसा मिल सके।

पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

जैसलमेर में हवाई सेवाओं के अभाव का सीधा असर पर्यटन उद्योग पर पड़ रहा है। होटल, रिसॉर्ट, टूर ऑपरेटर, गाइड सहित कई क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। समर शेड्यूल में उड़ानें शुरू होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास

पर्यटन से जुड़े जानकार बताते हैं कि यह कवायद अस्थायी व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालीन समाधान तलाशने पर भी जोर दिया जा रहा है। राज्य और केंद्र स्तर पर संवाद स्थापित करने की तैयारी है। साथ ही एयरलाइंस कंपनियों को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन मॉडल, यात्री भार सुनिश्चित करने और साझेदारी आधारित विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।

हर संभव प्रयास किए जाएंगे

जैसलमेर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर वर्ष भर हवाई सेवाएं मिलनी चाहिए। इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है और समर शेड्यूल में उड़ानें शुरू कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

— छोटूसिंह भाटी, विधायक, जैसलमेर

अर्थ व्यवस्था को मिलेगी गति

वर्ष पर्यंत हवाई सेवाएं पर्यटन के लिए बेहद आवश्यक हैं। पहले भी सामूहिक प्रयास सफल रहे हैं और इस बार भी पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि शहर की अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।

— विमल गोपा, अध्यक्ष, दुर्ग हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन, जैसलमेर

मिलेंगे बेहतर परिणाम

जैसलमेर में हवाई सेवाओं के लिए वर्ष 2021 का अनुभव सकारात्मक रहा था। उसी मॉडल को फिर अपनाकर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

— कैलाश कुमार व्यास, सम कैंप एंड रिसॉर्ट वेलफेयर सोसाइटी, सम