6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ईद की रौनक बाजार में छाई, करोड़ों का व्यवसाय

- आज उल्लास से मनाया जाएगा ईदुल-जुहा- मुस्लिम समाज उत्साह से भरा

2 min read
Google source verification
ईद की रौनक बाजार में छाई, करोड़ों का व्यवसाय

ईद की रौनक बाजार में छाई, करोड़ों का व्यवसाय

जैसलमेर. देश की पश्चिमी सीमा पर बसे जैसलमेर के बाजारों में पिछले दिनों से छाई ईदुल-जुहा की रौनक ईद से एक दिन पहले शनिवार को चरम पर नजर आई। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मुस्लिम समाज के लोगों ने विभिन्न वस्तुओं की उत्साह के साथ खरीदारी की और कोरोना के साये से करीब ढाई साल बाद पूरी तरह से आजाद होकर लोग रविवार को ईद मनाने के लिए उत्साह से भरे दिखाई दे रहे हैं। पर्यटन के लिहाज से इन दिनों शहर का बाजार लगभग ऑफ सीजन के दायरे में हैं, ऐसे में ईद के पर्व ने दुकानदारों के यहां तेजी ला दी है। करोड़ों रुपए का व्यवसाय जिले के बाजारों में हुआ है। गौरतलब है कि मुस्लिम समाज के लिए ईद सबसे बड़ा पर्व है तथा इस दिन सभी लोग नए परिधान पहनकर मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा करते हैं। कोरोना के कारण साल 2020 और 2021 में ईद की खुशियों पर भी ग्रहण लगा रहा था। पिछले महीनों के दौरान रमजान के महीने के बाद ईदुल-फितर का त्योहार भी हंसी-खुशी मनाया गया था। शनिवार को ईद का चांद नजर आने के बाद यह पक्का हो गया कि देश के बाकी हिस्सों की भांति जैसलमेर में भी रविवार को ईदुल-जुहा मनाया जाएगा। ईद का चांद नजर आने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने आपस में बधाइयों का सिलसिला शुरू कर दिया। रविवार को शहर के दो प्रमुख ईदगाहों पर सामूहिक नमाज अदा की जाएगी। जहां शहर में रहने वाले मुस्लिम सैकड़ों की तादाद में ईद की नमाज अदा करेंगे। ऐसे ही ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख जगहों पर मस्जिद में सामूहिक नमाज के आयोजन होंगे।
10 दिन से छाई रौनक
जैसलमेर के सभी अहम व्यावसायिक स्थलों पर ईदुल-जुहा की रौनक पिछले करीब 10 दिनों से जारी है। इस दौरान मुस्लिमों ने खान-पान के सामान, कपड़े, जूते, प्रसाधन सामग्री से लेकर अन्य वस्तुओं की खरीद सबसे ज्यादा की है। शहर के पंसारी बाजार, सदर बाजार, गुलासतला, मदरसा रोड, गड़ीसर प्रोल, आसनी पथ, पुराने ग्रामीण बस स्टेंड, शिव मार्ग, गीता आश्रम चौराहा, हनुमान चौराहा आदि पर अवस्थित दुकानों में बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे। शनिवार को सुबह से गांवों से शहर पहुंचे मुस्लिम समाज के लोग हर कहीं नजर आए। इनमें महिलाओं तथा पुरुषों के साथ बच्चों की तादाद भी अच्छी खासी रही।
सावचेती बरत रहा प्रशासन
दूसरी तरफ उदयपुर प्रकरण के बाद राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन व पुलिस महकमा ईद के मौके को लेकर अलर्ट पर है। पिछले दिन शांति समिति की बैठक की गई और शनिवार को शहर में जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात नजर आए। रविवार को भी ईदगाहों व अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस का पहरा रहेगा। पहले ही राज्य भर की भांति जिले में धारा 144 लागू की हुई है। प्रशासन की तरफ से कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति भी ईदुल-जुहा के मद्देनजर की गई है। गौरतलब है कि जिले की कुल आबादी में एक चौथाई भाग मुस्लिम समाज का है। उनकी तादाद के मद्देनजर शहर में करीब 100 से ज्यादा दुकानें विशुद्ध रूप से सिंधी मुस्लिम समाज की दिनचर्या और उपयोग में आने वाली चीजों से जुड़ी हैं। ईदुल-जुहा पर इन सभी प्रतिष्ठानों में खास तौर पर भीड़ भड़क्का देखा गया।