
आठ लाख रुपए नकद, साढ़े तीन लाख रुपए के आभुषण लेकर हुए फरार
पोकरण. भणियाणा थानाक्षेत्र के डूंगरे की ढाणी निवासी एक व्यक्ति ने एक युवती से विवाह के नाम पर आठ लाख रुपए नकद व साढ़े तीन लाख रुपए के आभुषण लेकर फरार हो जाने पर छह हनों के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार डूंगरे की ढाणी निवासी बाबूराम पुत्र रूपाराम जाट ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि कानासर निवासी जगमालसिंह पुत्र केसराराम ने उसे फोन कर बाड़मेर के शिव तहसील स्थित नाद गांव में डाकघर में काम करने की जानकारी दी तथा उसकी पत्नी सुआ की एक सहेली से शादी करवाने की बात कही। साथ ही 10 लाख रुपए का खर्च आने का बताया। उसने उसकी बातों पर विश्वास कर लिया और हां कर दी। जगमालसिंह का भाई हुकमाराम उसके घर पर आया तथा अपने भाई हरखाराम की ओर से लड़की देखने की बात कहकर 10 लाख रुपए का खर्चा लगने का कहा। उसने अभी तीन लाख रुपए देने तथा शेष राशि शादी के समय देने की बात कही। जिस पर उसने देवाराम पुत्र बाबूराम व शिवदानराम पुत्र चौखाराम के समक्ष तीन लाख अपने व अपनी मां के खाते से निकलवाकर चार अक्टूबर को हुकमाराम को दे दिए। 19 अक्टूबर को जगमालसिंह का भाई हरखाराम उसके घर आया तथा एक लाख रुपए की मांग की। रुपए देने के बाद जगमालसिंह की गाड़ी में उसे शिव लेकर गए। उस समय कॉर्ट में होने वाले खर्च के नाम पर एक लाख और लिए। जगमालसिंह व उसकी पत्नी सुआ तथा एक अन्य औरत दो लड़कियों को लेकर आए। इसके बाद सभी उसे शादी के लिए कहकर शिव से भणियाणा पहुंचे तथा दो गाडिय़ां किराए कर जोधपुर के लिए रवाना हुए।
जोधपुर में आर्य समाज में करवाई शादी
जोधपुर में न्यायालय में एक वकील से मुलाकात की तथा आर्य समाज में शादी करवाने का कहकर लेकर गए। शादी करवाकर जगमालसिंह ने उसके हस्ताक्षर करवाए और दो-तीन दिन में में शादी पक्की होने की बात कही तथा पुलिस सुरक्षा मिलने की भी बात बताई। हुकमाराम ने गाड़ी किराया, होटल व अन्य खर्चे के लिए 80 हजार रुपए मांगे, तो उसने नकद दे दिए। यहां से चंपाराम व हुकमाराम गांव आ गए तथा उसके बाद जगमालसिंह, हरखाराम व जगमालसिंह की पत्नी सुआ, देऊ व शांति, जिससे उसकी शादी हुई थी, सभी बीकानेर गए। वहां से वापिस आने पर जगमालसिंह ने पुलिस को रुपए देने के नाम पर एक लाख रुपए मांगे और उसने दे दिए। वह शांति लेकर घर आया तथा शादी के समय पहनकर रखे सोने का मंगल सूत्र, रखड़ी सैट, कानों के झुमके, नाक के लूंग, कंगन, चांदी की पायजेब, दो अंगूठियां आदि शांति को दे दिए। अगले दिन 12 बजे जगमालसिंह की गाड़ी लेकर आया तथा जैसलमेर जाकर एक होटल में रुके व लड़की को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के लिए लेकर चले गए। उसे कोतवाली थाने बुलाया तथा एक सिपाही के साथ पोकरण होते हुए जगमालसिंह के घर छोड़ दिया। अगले दिन शांति के साथ वह अपने घर आ गया। रात को शांति ने तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही।
अस्पताल का दिखाने का कहकर गए, नहीं लौटे वापिस
अगले दिन सुबह जगमालसिंह व उसकी पत्नी गाड़ी लेकर आए तथा उस लड़की को अस्पताल में दिखाने का कहकर साथ लेकर चले गए। दोपहर तक वापिस नहीं आने पर फोन किया, तो जगमालसिंह ने फोन नहीं उठाया। हरखाराम व हुकमाराम से बात की, तो उन्होंने बताया कि लड़की के पीछे पुलिस वाले आ गए है। जगमालसिंह उसके बयान करवाने लेकर गया हहै। अगले दिन जगमालसिंह आया और लड़की के उसके साथ नहीं रहने की बात कही तथा उसका मोबाइल मांगा। वह फोन लेकर भी चला गया, जिसमें पूरे मामले की बातचीत व अन्य सबूत थे। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
की जा रही है जांच
प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- खेताराम गोदारा, थानाधिकारी पुलिस थाना, भणियाणा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
28 Oct 2021, 6:44 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़




