18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer: सुरक्षा में सुराख: नागरिक गतिविधियों की ओट में बदल रहा जासूसी का चेहरा

सीमावर्ती जैसलमेर में सामने आया जासूसी प्रकरण सुरक्षा चुनौतियों के बदलते स्वरूप की ओर इशारा कर रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार सामान्य नागरिक गतिविधियों की आड़ में सेना और बीएसएफ की गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं जुटाकर विदेश भेजने की आशंका ने सुरक्षा तंत्र की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञ मानते हैं कि स्मार्टफोन, जीपीएस और इंटरनेट जैसी तकनीकों ने आधुनिक जासूसी के तौर-तरीकों को पहले से अधिक प्रभावी बना दिया है।

2 min read
Google source verification
jaisalmer photo

ai photo

जैसलमेर. सीआइडी इंटेलिजेंस की कार्रवाई में हाल ही में सामने आया जैसलमेर का जासूसी प्रकरण सीमा सुरक्षा के बदलते स्वरूप की ओर संकेत कर रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी सीमा की ओर जाने वाले मार्ग पर संचालित चाय दुकान से सेना और बीएसएफ की गतिविधियों पर नजर रखता था तथा वीडियो और तस्वीरें पाकिस्तान स्थित संपर्कों तक भेजता था। प्रारंभिक जांच ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने एक महत्वपूर्ण प्रश्न खड़ा किया है—क्या सीमावर्ती क्षेत्रों में सामान्य नागरिक गतिविधियों का दुरुपयोग संवेदनशील सूचनाएं जुटाने के लिए बढ़ रहा है? सूत्रों के अनुसार आधुनिक जासूसी का उद्देश्य हमेशा गोपनीय दस्तावेज हासिल करना नहीं होता। कई बार नियमित रूप से जुटाई गई छोटी-छोटी जानकारियां—वाहनों की आवाजाही, समय, मार्ग, गतिविधियों का क्रम—भी सामरिक विश्लेषण का आधार बन जाती हैं। आज लगभग हर स्मार्टफोन में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, जीपीएस और तेज इंटरनेट उपलब्ध है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इन तकनीकों ने सूचनाएं जुटाने और तत्काल साझा करने की क्षमता कई गुना बढ़ा दी है।

जैसलमेर पर क्यों ना'पाक नजर

भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा का लगभग 1,070 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान से जुड़ा है। इसमें करीब 464 किलोमीटर सीमा जैसलमेर जिले में आती है। उक्त क्षेत्र सेना, बीएसएफ और सैन्य रसद की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में यहां मौजूद सार्वजनिक मार्ग और नागरिक गतिविधियां भी सुरक्षा दृष्टि से महत्वपूर्ण हो जाती हैं।

बदलते जोखिम

• वीडियो और फोटो तुरंत साझा किए जा सकते हैं।

• लोकेशन आधारित जानकारी गतिविधियों का पैटर्न बता सकती है।

• एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफॉर्म ट्रैकिंग को जटिल बना देते हैं।

• छोटे-छोटे डेटा का लगातार संग्रह सामरिक महत्व प्राप्त कर सकता है।

सुरक्षा रणनीति में क्या बदलाव जरूरी

प्राथमिकताएं

- संवेदनशील सैन्य मार्गों की नियमित सुरक्षा समीक्षा।

-संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों पर तकनीकी निगरानी।

-पुलिस, सेना, बीएसएफ और खुफिया एजेंसियों के बीच रियल-टाइम सूचना समन्वय।

- सीमावर्ती गांवों में नागरिक सूचना नेटवर्क मजबूत करना।

- डिजिटल फॉरेंसिक क्षमता का विस्तार।

जोखिमों की समय रहते पहचान करना भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती

रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था में इंटेलिजेंस डॉमिनेंस उतना ही महत्वपूर्ण है जितना सीमा पर भौतिक सुरक्षा। सीमावर्ती क्षेत्रों में सामान्य दिखने वाली गतिविधियों के भीतर छिपे जोखिमों की समय रहते पहचान करना भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसी कारण दुनिया के कई देश सीमा प्रबंधन में तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और डिजिटल विश्लेषण को समान महत्व दे रहे हैं।