11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जैसलमेर जिला अस्पताल में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ

जैसलमेर शहर के जवाहिर चिकित्सालय में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपखंड अधिकारी जैसलमेर सक्षम गोयल ने फीता काटकर इस क्लिनिक का उद्घाटन किया।

2 min read
Google source verification

जैसलमेर शहर के जवाहिर चिकित्सालय में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपखंड अधिकारी जैसलमेर सक्षम गोयल ने फीता काटकर इस क्लिनिक का उद्घाटन किया। यह पहल लूपिन ह्यूमन वेलफेयर रिसर्च फाउंडेशन और राजस्थान सरकार के संयुक्त प्रयास से गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और सुधार के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम के अंतर्गत की गई है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र सांखला, लूपिन फाउंडेशन के स्वास्थ्य प्रबंधक डॉ.नचिकेत सुले, जिला अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ, लूपिन फाउंडेशन के जिला प्रबंधक रवि दाधीच, तुषार झालानी और महावीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डॉ. पालीवाल ने बताया कि एनसीडी क्लिनिक के माध्यम से मरीजों को डायबिटीज, हृदय रोग और श्वसन संबंधी बीमारियों जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, इसका उद्देश्य लोगों को जागरूक कर जीवनशैली में सुधार लाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि गैर-संचारी रोगों से बचाव संभव हो सके।

पोकरण जिला अस्पताल में एनसीडी क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ

पोकरण जिले के पोकरण स्थित जिला अस्पताल में गुरुवार को गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और सुधार के लिए एनसीडी कॉर्नर का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह सुविधा लूपिन ह्यूमन वेलफेयर रिसर्च फाउंडेशन और राजस्थान सरकार के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे लाइव्स कार्यक्रम के अंतर्गत शुरू की गई है। जिला अस्पताल पोकरण में इस एनसीडी क्लिनिक का उद्घाटन पीएमओ डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. कामिनी गुप्ता और लूपिन फाउंडेशन के स्वास्थ्य प्रबंधक डॉ. नचिकेत सुले द्वारा किया गया। इस अवसर पर पोकरण जिला अस्पताल के डॉ. प्रकाश चौधरी, डॉ. परमेश्वर चौधरी, डॉ. तुलछाराम एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ लूपिन फाउंडेशन के जिला प्रबंधक रवि दाधीच, तुषार झालानी, महावीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उपखण्ड अधिकारी ने सौंपे कार्यक्रम के दायित्व

जैसलमेर. माई भारत बजट खोज-राजस्थान युवा संवाद का आयोजन 13 अप्रेल को किया जाएगा। यह संवाद राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर जयपुर में आयोजित होगा, जिसका जिला स्तरीय वर्चुअल प्रसारण जैसलमेर के डीओआइटी वीसी कक्ष में किया जाएगा। उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल ने एक आदेश जारी कर इस कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे हैं। जारी आदेश के अनुसार इस कार्यक्रम में जिले के मेधावी युवाओं, विशेषकर स्टार्टअप, कृषि और शिक्षा क्षेत्रों से संबंधित युवाओं को वर्चुअली जोड़ा जाएगा। उपखण्ड अधिकारी ने जिला प्रभारी अधिकारी आरएसएलडीसी को जिले में स्टार्टअप क्षेत्र के मेधावी युवाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसी तरह, उपनिदेशक कृषि विस्तार को कृषि क्षेत्र के युवाओं और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को शिक्षा क्षेत्र के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। समस्त प्राचार्य राजकीय महाविद्यालयों को भी इस कार्यक्रम में मेधावी युवाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, संयुक्त निदेशक डीओआइटी को वीसी रूम में उच्च गुणवत्ता वाले वर्चुअल व्यूइंग सेंटर की स्थापना करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सुचारू प्रसारण हो सके।