
जैसलमेर के ऐतिहासिक सोनार दुर्ग से सटे और ह्रदयस्थल कहलाने वाले गोपा चौक में स्थित सब्जी मंडी को स्थानांतरित किए जाने की कवायद मंगलवार को पूरी हो गई। नगरपरिषद के अल्टीमेटम के बाद मंगलवार को सब्जी मंडी हाथोहाथ खाली की गई और यहां व्यवसाय करने वाले लोगों ने आनन-फानन में अपना सामान समेट लिया और यहां से बमुश्किल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित मंगलसिंह पार्क के पीछे वाले स्थान पर नई सब्जी मंडी शुरू कर दी गई।
व्यवसायियों ने पार्क के पीछे वाले स्थान पर अपना सामान जमाना शुरू कर दिया। पार्क में नगरपरिषद की ओर से बनाई गई चौकियों का आवंटन दुकानदारों को किया गया है। कुछ दिन पहले परिषद ने सब्जी विक्रेताओं की सुविधा के लिए बड़े टीन शेड का निर्माण भी करवाया गया है। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि नगरपरिषद की तरफ से मंगलवार को ही गोपा चौक सब्जी मंडी को हटाए जाने का अल्टीमेटम दिया गया था। जिसकी पालना में उन्होंने अपने सामान को समेटा और पतरे व काम में आने लायक पत्थर आदि वाहनों में लोड कर वहां से हटा दिया।
कुछ दिन पहले जिला व नगरपरिषद प्रशासन की ओर से गोपा चौक सब्जी मंडी के दुकानदारों को यहां से स्थानांतरित होने के लिए अंतिम तौर पर अल्टीमेटम दिया गया था। प्रशासन ने सब्जी मंडी को मंगलसिंह पार्क के उसी पिछले हिस्से में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है, जहां करीब 9 साल पहले ले जाने का प्रयास किया गया था लेकिन तब ऐसा नहीं हो सका था। सूत्रों के अनुसार गोपा चौक सब्जी मंडी पर कुल 9 दुकानदार अपना व्यवसाय करते रहे हैं। प्रशासन ने दुकानदारों से कहा कि इस स्थान को खाली करवाने के बाद उसे बुलडोजर से समतल करवाया जाएगा।
गोपा चौक से सब्जी मंडी को स्थानांतरित किए जाने का निर्णय प्रोजेक्ट सोनार का भाग है। गौरतलब है कि नगरपरिषद की तरफ से सोनार दुर्ग के चारों तरफ हेरिटेज स्वरूप में फर्श व लाइटिंग आदि स्थापित करने के लिए करीब 50 करोड़ रुपए की राशि का टेंडर जारी किया गया है। गोपा चौक विस्तारीकरण के तहत सब्जी मंडी को हटा कर इस स्थान को विस्तृत बनाया जाना है। यही कारण है कि पूर्व में गोपा चौक सब्जी मंडी को शिव मार्ग पर स्थानांतरित करवाए जाने के निर्णय को प्रशासन ने उलटते हुए पार्क के पिछले हिस्से में मंडी को स्थापित करवाया गया है।
Published on:
07 Apr 2026 08:36 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
