
पोकरण कस्बे में फलसूंड रोड पर सोमवार की रात कुछ युवकों पर हमला कर मारपीट करने को लेकर पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद सोमवार की देर रात तक पुलिस थाने के आगे लोगों की भीड़ रही और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। जिस पर पुलिस पूरी रात आरोपियों की धरपकड़ को लेकर दबिशें दी।
गौरतलब है कि सोमवार रात फलसूंड रोड पर दो गुटों में हुए झगड़े के बाद चार युवकों पर 15-20 युवकों ने हमला कर दिया था और मारपीट की थी। इसमें चार जने घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार कस्बे के मंगलपुरा निवासी करणराज पुत्र अनिलकुमार छंगाणी ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि सोमवार रात 8.30 बजे उसका भाई शुभम जोशी फलसूंड स्थित मोबाइल की दुकान पर खड़ा था। यहां 15-20 लोग उसे घेरकर मारपीट कर रहे थे। जब उसे जानकारी मिली तो वह और उसके जीजाजी पवनकुमार पुरोहित व दोस्तों के साथ घटनास्थल पर गए, तब वहां खड़े लोगों ने उसके भाई शुभम, उसके व उसके जीजाजी पवनकुमार पर जानलेवा हमला कर मारपीट की।
उसके सिर पर लोहे की क्लिप से जानलेवा वार किया। अन्य पर लाठियों व धारदार हथियारों से हमला करने से उन्हें गंभीर चोटें लगी। आरोपियों ने उसकी जेब से पर्स, शुभम का मोबाइल व मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली। आरोपियों ने उसके दोस्त गौरव छंगाणी पर भी हॉकी से वार किया। आरोपियों में जतिन शर्मा, भरत शर्मा, सरवन शर्मा, मिलन शर्मा, नितिन चौहान, नासिरखां, अनीस आरब, सद्दामखां, हर्षवर्धनसिंह चौहान, दक्ष चौहान, गौतम धोबी व अन्य शामिल थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक बस्ताराम कर रहे है।
घटना के बाद पुलिस थाने के आगे लगी भीड़ देर रात तक रही। इस दौरान लोगों ने घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। थानाधिकारी भारत रावत ने लोगों से मुलाकात की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी। पुलिस ने मामले के आरोपी दक्ष चौहान और एक अन्य सवाईसिंह चौहान को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां उन्हें जमानत पर रिहा किया गया।
Published on:
07 Apr 2026 08:29 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
