
Jaisalmer Nagarparishad Ward no. 9 sub election
जैसलमेर. जैसलमेर नगरपरिषद के वार्ड नं. 9 के लिए आगामी 12 जून को होने वाले मतदान की तारीख एक तरफ नजदीक आती जा रही है, दूसरी ओर वार्ड क्षेत्र के मतदाताओं ने चुप्पी लगा रखी है। मतदाताओं की खुलकर कुछ नहीं बोलने की वजह से भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों के नेता उलझन में हैं। वे मतदाताओं का मूड भांपने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समझ नहीं पा रहे। मतदाता किस उम्मीदवार को अपना मत व समर्थन देंगे, यह समझ से परे बना हुआ है। यहां भाजपा के प्रवीण व्यास और कांग्रेस के विकास व्यास के बीच सीधी टक्कर है। करीब 1080 मतदाताओं वाले इस वार्ड में दोनों पार्टियों के जनप्रतिनिधियों व जिला पदाधिकारियों ने चुनाव को फतेह करने के लिए एडी-चोटी का जोर लगा रखा है। दोनों उम्मीदवारों के चुनाव कार्यालयों में रणनीति निर्माण को लेकर माथापच्ची का दौर भी जारी है। इस वार्ड में बिस्सा पाड़ा, आसनी पथ, मोकाती पाड़ा, जगाणी पाड़ा, भाटिया पाड़ा, राखेचा पाड़ा, रोकडिय़ा गणेष मंदिर वाली गली आदि शामिल है।
पहुंच रहे द्वार-द्वार, कर रहे वोट की पुकार
जैसलमेर के इस रियासतकालीन बसावट वाले वार्ड की गलियों और मोहल्लों में दिन से लेकर रात तक प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की तरफ से घर-घर जाकर मतदाताओं से सम्पर्क साधा जा रहा है। दोनों पार्टियों के प्रत्याशी ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को अपने खेमे में लाने में जुटे हैं। मतदाताओं की ओर से दोनों उम्मीदवारों को मत व समर्थन का भरोसा दिलाए जाने तथा खुलकर किसी एक का पक्ष नहीं लेने से भाजपा व कांग्रेस के नेता खुद को भ्रमपूर्ण हालात में पा रहे हैं। जनसम्पर्क में महिलाएं भी बढ़-चढक़र भूमिका निभा रही हैं। मतदाताओं का साथ पाकर उत्साह से लबरेज है। वैसे इस वार्ड में भाजपा को अपने काडर वोटों पर भरोसा है। वह यह मानकर चल रही है कि मतदाताओं का अंकगणित उसके पक्ष में है। दूसरी ओर कांग्रेस यहां भाजपा के पारम्परिक मतदाताओं में सेंधमारी की कोशिशों में जुटी हुई है।
सोशल मीडिया पर घमासान
संबंधित वार्ड के मतदाताओं की चुप्पी के बीच अन्य वार्डों में निवास करने वाले अनेक लोग इस उपचुनाव को लेकर गहरी दिलचस्पी जता रहे हैं। सोशल मीडिया पर घमासान देखने को मिल रहा है।
Published on:
09 Jun 2018 09:16 pm
