
विकास कुमार (फोटो- पत्रिका)
जैसलमेर: शहर में मंगलवार देर रात नागौर के युवक ने फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय विकास कुमार पुत्र बद्रीराम के रूप में हुई है। वह कुछ समय से जैसलमेर में रहकर एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट का काम कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमदान रतनू ने बताया कि रात लगभग 10.30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक अपने कमरे में मृत पाया गया।
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मौके से बीयर की खाली बोतल जरूर जब्त की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल फोन की जांच में पता चला है कि विकास ने अंतिम कॉल अपने परिवार को की थी। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
घटना का पता तब चला, जब एक परिचित युवक बाइक लेने विकास के कमरे पर पहुंचा। उसने दरवाजा थोड़ा खुला पाया और भीतर झांककर देखा तो विकास मृत अवस्था में मिला। इसके बाद उसने तुरंत साथियों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
Published on:
24 Sept 2025 02:29 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
