
Jaisalmer weather: लाठी (जैसलमेर). क्षेत्र में मानसून की तेज बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है। चांधन से भैरवा जाने वाले मार्ग पर चल रही नदी में उतरा बाइक सवार संतुलन खो बैठा। गनीमत रही कि आसपास खड़े लोगों ने पकड़ लिया और वह नदी में बहने से बच गया, लेकिन उसकी बाइक रपट से नदी में जा गिरी, जिसे दो घंटे बाद निकाला जा सका। गौरतलब है कि भैरवा-चांधन सड़क मार्ग पर पुराने नदी नालों के लिए रपट का निर्माण करवाया गया है। गत दो दिन से जिलेभर में तेज बारिश का दौर चल रहा है। ऐसे में गुरुवार को दोपहर बाद भैरवा-चांधन सड़क मार्ग पर निर्मित रपट में भी एक पुरानी नदी तेज बहाव के साथ चलने लगी। पानी का बहाव तेज होने व दो से तीन फीट तक पानी बहने के कारण दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया।
नदी के बीच बिगड़ा संतुलन, लोगों ने बचाया
भैरवा निवासी कल्याणसिंह ने बताया कि बरसाती नदी का बहाव तेज होने के कारण कई लोग यहां खड़े पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान रेंवताराम भील अपनी मोटरसाइकिल लेकर आया और बहती नदी में बाइक उतार दी। तेज बहाव के कारण नदी के बीच पहुंचने पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गया। इस दौरान पानी के साथ बहने लगा, लेकिन यहां खड़े लोगों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन बाइक नदी में जाकर गिर गई। सूचना पर चांधन पुलिस चौकी से आशीषकुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के प्रेमसिंह, उगाराम, बागाराम, करणसिंह, शैतानाराम, देऊराम, गुलाबसिंह आदि ने करीब दो घंटे की मशक्कत कर बाइक को बाहर निकाला। इस घटना का एक वीडियो भी शुक्रवार को दिनभर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।
Published on:
08 Jul 2022 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
