18 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पोकरण बस स्टैंड पर जाम हुआ आम, अव्यवस्था से हर दिन आमजन परेशान

पोकरण कस्बे में जोधपुर रोड पर केन्द्रीय बस स्टैंड के पास जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। हालात यह है कि दिन में कई बार यहां वाहनों का जाम लग जाता है, जिसके कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

2 min read
Google source verification

पोकरण कस्बे में जोधपुर रोड पर केन्द्रीय बस स्टैंड के पास जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। हालात यह है कि दिन में कई बार यहां वाहनों का जाम लग जाता है, जिसके कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि जोधपुर रोड के पास केन्द्रीय बस स्टैंड स्थित है। यहां से कस्बे की सभी रोडवेज बसों के साथ बाड़मेर, फलसूंड, राजमथाई, कलाऊ, रातडिय़ा, सोमेसर आदि ग्रामीण रूट की निजी बसों का संचालन होता है। बस स्टैंड में प्रवेश व निकासी के दो अलग-अलग रास्ते है, लेकिन एक रास्ते पर दुकानों के आगे अतिक्रमण और टूटी सड़क के कारण दूसरे रास्ते से ही बसों की आवाजाही होती है। जब ये बसें मुख्य सड़क पर आती है तो यहां एकबारगी जाम लग जाता है। कई बार 10 से 15 मिनट तक जाम नहीं खुल पाता है। जिसके कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सड़क पर खड़े वाहन बढ़ा रहे परेशानी

पुलिस व नगरपालिका की ओर से कुछ माह पूर्व सड़क पर सफेद व पीली रंग की पट्टियां कर वाहनों के खड़े रहने के लिए जगह का निर्धारण किया गया था, लेकिन अब वही ढर्रा वापिस शुरू हो गया है। लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़ा कर चले जाते है। जिसके कारण सड़क संकरी हो जाती है और बसों को घूमने में समय ज्यादा लगता है। इस दौरान वाहनों की कतारें लग जाती है और जाम की स्थिति हो जाती है।

फिर बढ़ रही सामानों की समस्या

कस्बे में नगरपालिका व पुलिस की ओर से दुकानों के आगे लगे टिनशेड व सामानों को हटाने के लिए कार्रवाई शुरू की गई थी। इस दौरान अधिकांश सामान व टिनशेड हटा लिए गए थे। अब वापिस सामान आगे रखने का दौर शुरू हो गया है। जिसके कारण परेशानी फिर बढऩे लगी है। जबकि पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

10 मिनट लगा जाम, एम्बुलेंस भी फंसी

बस स्टैंड के द्वार पर शनिवार को दोपहर एक निजी बस बाहर निकली। सड़क पर खड़े वाहनों के कारण बस जैसलमेर रोड की तरफ घूम नहीं सकी। इस दौरान यहां वाहनों की लंबी कतारें लग गई। साथ ही एक 108 एम्बुलेंस भी यहां पहुंच गई। जिसे भी करीब 5 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। करीब 10 मिनट बाद बस यहां से निकल सकी। इस दौरान वाहनों का जाम लग गया और आमजन को परेशानी हुई।

की जाएगी कार्रवाई

सड़क पर खड़े रहने वाले वाहनों को क्रेन से जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। दो दिन तक विशेष अभियान चलाकर बस स्टैंड के आसपास क्षेत्र में सड़क पर खड़े वाहनों को हटाकर व्यवस्था को सुचारु किया जाएगा।

- सवाईसिंह तंवर, प्रभारी यातायात पुलिस, पोकरण