
राजस्थान की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपरा और मरुस्थलीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला जगविख्यात मरु महोत्सव-2026 के दौरान जैसलमेर, सम-लखमणा और खुहड़ी में विविध आयोजन होंगे। महोत्सव में सैलिब्रिटी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मिस्टर डेजर्ट, मिस मूमल-2026, कैमल पोलो, कैमल रेस सहित अनेक पारंपरिक और रोचक प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहेंगी।
जिला कलक्टर प्रतापसिंह ने बताया कि मरु महोत्सव को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियां कर रहा है। पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा, यातायात, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। 29 को पोकरण में कार्यक्रम होंगे। इसी क्रम में 30 जनवरी की सुबह सोनार दुर्ग स्थित भगवान लक्ष्मीनाथ मंदिर में आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके बाद गड़ीसर झील से शहीद पूनमसिंह स्टेडियम तक रंगीन एवं पारंपरिक शोभायात्रा निकलेगी। स्टेडियम में उद्घाटन समारोह में मरुश्री, मिस मूमल-2026, मिसेज जैसलमेर, मूमल-महेन्द्रा, साफा बांधो तथा मूंछ प्रतियोगिता होंगी। साथ ही आर्ट एंड क्राफ्ट मेला, पपेट शो एवं फूड फेस्टिवल सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शाम को स्टेडियम में बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मधुबंती बागची की सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी।
दूसरे दिन गड़ीसर लेक पर योग कार्यक्रम के बाद डेडानसर मैदान में बीएसएफ का कैमल टेंटू-शो होगा। एयरफोर्स एयर वॉरियर ड्रील एवं सारंग टीम का डिस्पले भी आकर्षण रहेगा। ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं, रस्साकस्सी, पॉट रेस, जिम्नास्टिक शो, ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता और कैमल पोलो मैच भी आयोजित होंगे। शाम को सम-लखमणा के धोरों पर बॉलीवुड सिंगर राज बर्मन की सैलिब्रिटी नाइट सजेगी।
पहली बार समापन समारोह खुहड़ी के धोरों पर माघ पूर्णिमा की चांदनी रात में होगा। रात्रि 8 बजे इंडियन आइडल फेम पियूष पंवार प्रस्तुति देंगे। इससे पूर्व कैमल रेस, लाणेला में घुड़दौड़ और कुलधरा-खाभा फोर्ट में मांडणा कला प्रदर्शनी एवं लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
Published on:
21 Jan 2026 07:56 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
